कोहरे और धुंध से 15 घंटे लेट हुई एक्सप्रेस, वंदे भारत के भी लगे ब्रेक; देरी से बचने के लिए इन ट्रेनों को करें अवॉइड
Train Delay due to Fog कोहरे और धुंध ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। दिल्ली-चंडीगढ़-अंब अंदौरा वंदे भारत ट्रेन तीन घंटे तो प्रयागराज-चंडीगढ़ ट्रेन 15 घंटे लेट है। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विकास शर्मा, चंडीगढ़। Trains Delay in Chandigarh: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर धुंध और कोहरे की वजह से ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। देश की सबसे तेज वंदे भारत ट्रेन से लेकर अन्य प्रमुख ट्रेनों तक, सभी निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ट्रेनों की देरी का अंतर 3 घंटे से लेकर 15 घंटे तक है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से वाया चंडीगढ़ होकर अंब अंदौरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन (गाड़ी संख्या 22447) जो सुबह 8:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचनी थी, वह दोपहर 12:30 बजे स्टेशन पहुंची। वापसी में भी यह ट्रेन तीन घंटे की देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई।
प्रयागराज-चंडीगढ़ ट्रेन 15 घंटे लेट
दूसरी ओर, प्रयागराज से चंडीगढ़ आने वाली ट्रेन (गाड़ी संख्या 14217) 15 घंटे की भारी देरी से चंडीगढ़ पहुंची। यह ट्रेन सामान्य तौर पर सुबह 9:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है, लेकिन कोहरे के कारण यह निर्धारित समय से बेहद पीछे रही।
यह भी पढ़ें- Train Delayed: धुंध और कोहरे ने थामे रेलों के पहिए, एक्सप्रेस ट्रेन 12 घंटे तक लेट; यात्रियों का हुआ बुरा हाल
लखनऊ और अन्य प्रमुख ट्रेनों का भी हाल बुरा
चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली ट्रेन (गाड़ी संख्या 12232) जो रात 10 बजे रवाना होती है, वह भी तीन घंटे की देरी से रात 1 बजे रवाना होगी। हावड़ा-कालका एक्सप्रेस पांच घंटे 30 मिनट, अजमेर गरीब रथ दो घंटे, इंदौर एक्सप्रेस छह घंटे और पश्चिम एक्सप्रेस तीन घंटे 30 मिनट की देरी से चंडीगढ़ पहुंची।
यात्रियों को हो रही असुविधा
धुंध और खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर लगभग सभी ट्रेनें लेट हो रही हैं। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म पर भीड़ बढ़ गई है, और यात्रियों को समय पर जानकारी न मिलने से परेशानी हो रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम के कारण ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ रहा है जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। स्थिति को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं यात्रियों की शिकायत है कि उन्हें सही समय पर ट्रेनों की स्थिति की जानकारी दी जाए ताकि वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें। मौसम विभाग ने फिलहाल कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में ट्रेनों की लेट-लतीफी जारी रह सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।