विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में 1997 में तय हुआ था 94-23 सीटों का फॉर्मूला, प्रकाश सिंह बादल के शब्दों में 'नाखून-मांस' जैसा था BJP-SAD का रिश्ता

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 01:00 PM (IST)

प्रकाश सिंह बादल पंजाब में अकाली दल और भाजपा के रिश्ते को "नाखून-मांस" जैसा गठबंधन बताते थे। साल 2020 में तीन कृषक बिलों को लेकर दोनों पार्टियां अलग हो गईं।

प्रकाश सिंह बादल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (जागरण आर्काइव)

प्रकाश सिंह बादल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. अकाली दल-भाजपा का 24 साल पुराना गठबंधन 2020 में टूटा।

  2. 1997 में 94-23 सीटों का फॉर्मूला तय हुआ था।

  3. 2027 चुनाव के लिए सीट बंटवारा बड़ी चुनौती है।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के रिश्ते को पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल 'नाखून-मांस का रिश्ता' कहते थे।

दोनों दलों के बीच यह गठबंधन केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं था, बल्कि पंजाब की राजनीति में सत्ता का एक ऐसा समीकरण बन गया था, जिसमें अकाली दल ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ के दम पर बड़ी भूमिका निभाता था तो भाजपा शहरी हिंदू मतदाताओं के बीच अपनी ताकत के सहारे गठबंधन को मजबूती देती थी।

दोनों दलों ने करीब 24 साल तक चुनावी साझेदारी निभाई। इस दौरान तीन बार पंजाब में सरकार बनाई और केंद्र में भी एक-दूसरे के राजनीतिक सहयोगी बने रहे।

इस गठबंधन की खास बात यह थी कि दोनों दल अपनी अलग विचारधारा, संगठन और चुनाव घोषणापत्र होने के बावजूद सत्ता और चुनावी रणनीति पर एक साथ काम करते रहे।

गठबंधन की नींव 1996 में पड़ी, 1997 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़कर सरकार बनाई और 2020 में दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए।

यह भी पढ़ें- पंजाब में साथ आने की तैयारी के बीच फंस सकता है CM चेहरे का पेंच, सुखबीर के नाम पर सहमत नहीं दिख रही भाजपा

जनसंघ के दौर से शुरू हुई थी राजनीतिक नजदीकी

अकाली दल और भाजपा के रिश्तों को केवल 1996 से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। भाजपा की पूर्ववर्ती पार्टी भारतीय जनसंघ के साथ अकाली दल की राजनीतिक साझेदारी 1967 में ही शुरू हो गई थी।

पंजाब पुनर्गठन के बाद हुए चुनाव में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद अकाली दल के नेतृत्व में गैर-कांग्रेसी दलों ने मिलकर सरकार बनाई, जिसमें जनसंघ भी शामिल था। वर्ष 1969 में भी अकाली दल और जनसंघ ने मिलकर सरकार बनाई।

हालांकि, उस समय ये चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं बल्कि चुनाव के बाद बने सत्ता के समीकरण थे। दोनों दलों के बीच भाषा, धर्म और राजनीतिक विचारधारा को लेकर मतभेद भी सामने आते रहे।

जनसंघ हिंदी को दूसरी भाषा बनाने की मांग करता था, जबकि अकाली दल की राजनीति पंजाबी भाषा और सिख हितों के इर्द-गिर्द केंद्रित थी। इसके बावजूद दोनों दल कांग्रेस के मुकाबले एक साझा राजनीतिक विकल्प के रूप में साथ आते रहे।

1996 में मोगा घोषणा ने तैयार की गठबंधन की जमीन

पंजाब में आतंकवाद के दौर के बाद अकाली दल के सामने अपनी राजनीतिक छवि को व्यापक बनाने की चुनौती थी। पार्टी को केवल सिख और पंथक राजनीति तक सीमित रखने के बजाय सभी पंजाबियों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ानी थी। इसी रणनीति के तहत 25 फरवरी 1996 को मोगा में अकाली दल की महत्वपूर्ण घोषणा हुई।

तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने 'पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत' को पार्टी की राजनीति का आधार बनाने की बात कही।

इसका राजनीतिक संदेश स्पष्ट था कि अकाली दल अब केवल एक धार्मिक समुदाय के हितों की बात करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि पूरे पंजाब की राजनीतिक आवाज बनना चाहता है।

इस बदलाव ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता आसान किया। दोनों दलों के नेतृत्व ने समझा कि पंजाब में कांग्रेस को चुनौती देने के लिए उनके अलग-अलग सामाजिक और भौगोलिक प्रभाव को एक साथ लाना जरूरी है।

94-23 सीटों का फॉर्मूला बना गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत

वर्ष 1997 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों का समझौता हुआ। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया। यह व्यवस्था दोनों दलों के राजनीतिक प्रभाव को ध्यान में रखकर बनाई गई थी।

अकाली दल को मुख्य रूप से ग्रामीण और सिख बहुल सीटें मिलीं, जबकि भाजपा को शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों की सीटें दी गईं। इस फॉर्मूले में अकाली दल बड़ा साझेदार था, लेकिन भाजपा को भी अपनी राजनीतिक पहचान और प्रभाव वाले क्षेत्रों में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का अवसर मिला।

वर्ष 1997 में अकाली दल ने 75 और भाजपा ने 18 सीटें जीतकर गठबंधन को सत्ता तक पहुंचाया। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। यह गठबंधन चुनाव पूर्व समझौते के आधार पर बनी सरकार थी और पंजाब में राजनीतिक स्थिरता के नए दौर की शुरुआत मानी गई।

यह भी पढ़ें- पंजाब में साथ आने की तैयारी के बीच फंस सकता है CM चेहरे का पेंच, सुखबीर के नाम पर सहमत नहीं दिख रही भाजपा

केंद्र में भी बढ़ी साझेदारी, 1998 में एनडीए के साथ आए अकाली दल

वर्ष 1998 में केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद अकाली दल भी इसका हिस्सा बन गया। इससे दोनों दलों के संबंध केवल पंजाब तक सीमित नहीं रहे। अकाली दल को केंद्र की सत्ता में भागीदारी मिली और भाजपा को पंजाब में एक मजबूत क्षेत्रीय सहयोगी मिला। वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल के बीच अच्छे राजनीतिक संबंध गठबंधन की मजबूती का बड़ा आधार बने।

बाद में एनडीए की अलग-अलग सरकारों में अकाली दल के नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली। सुखदेव सिंह ढींडसा, सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल केंद्र में मंत्री बने। पंजाब में भाजपा के नेता भी अकाली दल की सरकार में मंत्री रहे। इस तरह दोनों दलों के बीच केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर सत्ता की साझेदारी विकसित हुई।

2007 के चुनाव से पहले बना साझा रणनीति का मॉडल

वर्ष 2002 में गठबंधन सत्ता से बाहर हो गया। अकाली दल को 41 और भाजपा को तीन सीटें मिलीं। कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई। इसके बाद दोनों दलों ने अपने गठबंधन को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिश की। जुलाई 2006 में अकाली दल और भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए राज्यस्तरीय समन्वय समिति बनाई।

इसमें दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया। इस समिति का काम 117 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन, सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर सहमति बनाना था।

खास बात यह थी कि दोनों दल अलग-अलग चुनाव घोषणापत्र जारी करेंगे, लेकिन सरकार बनने के बाद साझा न्यूनतम कार्यक्रम के तहत काम करेंगे। उम्मीदवारों के चयन में जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाने पर भी सहमति बनी। तत्कालीन भाजपा नेता अरुण जेटली और प्रकाश सिंह बादल ने इस व्यवस्था को गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण बताया था।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: अकाली दल से गठबंधन पर भाजपा में खींचतान, पुराने नेताओं की नाराजगी बन सकती है चुनौती

2007 और 2012 में लगातार दो बार सत्ता हासिल की

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन ने शानदार वापसी की। अकाली दल ने 49 और भाजपा ने 19 सीटें जीतकर कुल 68 सीटों के साथ सरकार बनाई। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। इस कार्यकाल में सुखबीर सिंह बादल की भूमिका बढ़ी और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया। गठबंधन सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त बिजली और पानी की व्यवस्था जारी रखी।

सड़क नेटवर्क, बुनियादी ढांचे और शहरी विकास के मुद्दों पर भी काम किया गया। वर्ष 2012 में दोनों दलों ने फिर 94-23 के सीट बंटवारे के आधार पर चुनाव लड़ा।

अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीटें जीतीं। गठबंधन को फिर 68 सीटें मिलीं। इस जीत के साथ पंजाब के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल किया। इसने साबित किया कि दोनों दलों का सामाजिक और चुनावी समीकरण लंबे समय तक प्रभावी रह सकता है।

गठबंधन में कई बार उठे सत्ता की हिस्सेदारी और नीतियों के सवाल

करीब ढाई दशक के इस राजनीतिक रिश्ते में सब कुछ हमेशा सहज नहीं रहा। भाजपा की पंजाब इकाई समय-समय पर सरकार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग करती रही। वर्ष 2007 से 2012 के बीच भाजपा नेता मनोरंजन कालिया को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उठी, लेकिन अकाली नेतृत्व ने इस पर सहमति नहीं दी। बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी भाजपा ने विरोध जताया था।

भाजपा के कुछ मंत्रियों ने इस्तीफे की पेशकश तक कर दी थी। इसके अलावा 2013 में स्वर्ण मंदिर परिसर में ब्लू स्टार स्मारक के उद्घाटन को लेकर भी दोनों दलों के बीच असहमति सामने आई।

भाजपा ने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन अकाली नेतृत्व ने अपने फैसले का बचाव किया। इसके बावजूद दोनों दलों ने गठबंधन नहीं तोड़ा। राजनीतिक नेतृत्व का मानना था कि अलग-अलग विचारधारा के बावजूद पंजाब में दोनों की संयुक्त ताकत कांग्रेस को चुनौती देने के लिए जरूरी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब की सियासत में उलटफेर: 6 साल बाद फिर साथ आएंगे BJP और अकाली दल! 2027 चुनाव के लिए सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तैयार

2017 की हार ने बदल दिए थे गठबंधन के राजनीतिक समीकरण

दस साल लगातार सत्ता में रहने के बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल 15 और भाजपा तीन सीटों पर सिमट गई।

इसके बाद दोनों दलों के बीच पहले जैसी राजनीतिक मजबूती नहीं रही। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ा।

इस दौरान अकाली दल ने अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और भाजपा ने पंजाब में संगठनात्मक प्रभाव बनाए रखने की कोशिश की। सितंबर 2020 में दोनों दलों का औपचारिक गठबंधन टूट गया। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने बसपा के साथ समझौता किया और भाजपा ने अलग चुनाव लड़ा।

2027 से पहले सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का

अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन की चर्चा फिर राजनीतिक महत्व हासिल कर रही है। दोनों दलों के सामने अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती है।

भाजपा अब पहले की तरह केवल 23 सीटों तक सीमित रहने के बजाय पंजाब में अपना स्वतंत्र जनाधार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। दूसरी तरफ अकाली दल भी खुद को गठबंधन में बड़े साझेदार के रूप में देखना चाहेगा।

वर्ष 2024 में दोनों दलों के बीच गठबंधन बहाल करने को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन सीटों और राजनीतिक शर्तों पर सहमति नहीं बन सकी। ऐसे में 2027 के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों दल पुराने 94-23 के फॉर्मूले पर लौटेंगे या भाजपा इस बार अधिक सीटों की मांग करेगी।

जिस गठबंधन को प्रकाश सिंह बादल नाखून-मांस का रिश्ता बताते थे, उसकी वापसी अब दोनों दलों की राजनीतिक जरूरतों और आपसी शर्तों पर निर्भर करेगी।

यह भी पढ़ें- 6 साल की दूरी के बाद आसान होगा वोट ट्रांसफर! पंजाब चुनाव 2027 में अकाली-भाजपा गठबंधन की असली परीक्षा

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।