यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'खुद की पार्टी के MLA उनके संपर्क में नहीं...', कांग्रेस ने किया टूट का दावा तो बाजवा पर बरसे AAP नेता
आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर सिंह कंग (Malvinder Singh Kang) ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा (Pratap Singh Bajwa) ...और पढ़ें

HighLights
- आप के 30 विधायकों के संपर्क में होने बाजवा ने किया था दावा
- आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बाजवा के दावों पर किया पलटवार
- बाजवा की खुद की पार्टी के विधायक उनके संपर्क में नहीं: कंग
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के सांसद व मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि बाजवा की खुद की पार्टी के विधायक उनके संपर्क में नहीं हैं। कंग ने बाजवा से पूछा कि क्या कांग्रेस के सभी विधायक आपके संपर्क में हैं? अगर हैं तो संदीप जाखड़ कहां हैं?
बाजवा ने आप के 30 विधायक संपर्क में होने का किया था दावा
उल्लेखनीय है कि बाजवा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी के 30 विधायक उनके संपर्क में हैं। इसके अलावा दिल्ली से भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा था कि केजरीवाल बड़ा उलटफेर करने वाले हैं, इसीलिए पंजाब के विधायकों की बैठक उन्होंने मंगलवार को दिल्ली में बुलाई है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में कैबिनेट बैठक स्थगित कर दिल्ली पहुंचे AAP विधायक, अरविंद केजरीवाल के साथ आज होगी मीटिंग
कंग ने प्रताप बाजवा से सवाल किया कि डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस क्यों छोड़ दी? प्रताप बाजवा के सगे भाई फतेहजंग बाजवा उनका साथ छोड़कर भाजपा में चले गए, वह रोक नहीं पाए। वहीं, कांग्रेस के नेता, विधायक और पूर्व विधायक पार्टी छोड़ रहे हैं, लेकिन बाजवा को आप विधायकों की चिंता है।
दिल्ली की हार का पंजाब में नहीं पड़ेगा असर: AAP
कैबिनेट बैठक स्थगित करने और दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाने को लेकर विपक्ष द्वारा आप को घेरने पर पार्टी के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा है कि पंजाब और दिल्ली के मुद्दे अलग-अलग हैं, इसलिए पंजाब में दिल्ली की हार का कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
दिल्ली में मंगलवार को बुलाई गई विधायकों व मंत्रियों की बैठक को लेकर उन्होंने कहा, पार्टी विधायकों के साथ समय-समय पर जानकारी लेने के लिए ऐसी बैठकें करती रहती है लेकिन पिछले लंबे समय से चुनाव के कारण यह बैठक नहीं हो सकी थी।
इसलिए यह बैठक बुलाई गई है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी कहा कि दिल्ली की हार का असर पंजाब में नहीं पड़ेगा। पंजाब सरकार लोगों के हितों के लिए काम करती रहेगी।
आज दिल्ली में आप विधायकों की बैठक
बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद से आज दिल्ली में पहली बार आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पंजाब के विधायकों के साथ बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे।
