संजय राउत ने बढ़ाई MVA की धड़कन! कहा- गठबंधन से अलग नहीं होंगे, मगर कार्यकर्ता BMC चुनाव अकेले लड़ने के मूड में
लगभग तीन साल बाद अगले साल बीएमसी चुनाव होने हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने महायुति गठबंधन के तहत निकाय चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। अब शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अकेले चुनाव लड़ने को इच्छुक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर विधानसभा चुनाव पार्टी अधिक सीटों पर लड़ती तो उसे अधिक सीटों पर जीत मिलती।

पीटीआई, मुंबई। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद शिवसेना (यूबीटी) ने बड़ा कदम उठाने जा रही है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शनिवार को संकेत दिया कि शिवसेना (यूबीटी) बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव अकेले लड़ सकती है। हालांकि राउत ने स्पष्ट किया है कि पार्टी महा विकास अघाड़ी (MVA) से अलग नहीं होगी।
संजय राउत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय निकाय चुनाव में अकेले उतरने पर जोर दे रहे हैं, क्योंकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार टिकट मांगने वालों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे और अन्य पार्टी नेताओं के बीच बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने पर बातचीत चल रही है। कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अकेले चुनाव लड़े।
25 साल तक शिवसेना का रहा राज
बीएमसी देश का सबसे समृद्ध नगर निगम है। 1997 से 2022 तक शिवसेना ने बीएमसी पर राज किया। बीएमसी के पिछले निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल मार्च 2022 को ही समाप्त हो चुका है। अब लगभग 3 वर्षों बाद नए चुनाव होंगे।
मुंबई जीतना जरूरी है
संजय राउत ने कहा कि मुंबई में पार्टी की ताकत निर्विवाद है। अगर हमें मुंबई में विधानसभा चुनाव अधिक सीटों पर लड़ने को मिलता तो हम जीतते। राउत ने कहा कि मुंबई को जीतना जरूरी है। नहीं तो शहर महाराष्ट्र से अलग हो जाएगा।
भाजपा के साथ भी अकेले ही चुनाव लड़ा: राउत
संजय राउत ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन में रहने के बावजूद भी शिवसेना (अविभाजित) ने बीएमसी और अन्य स्थानीय निकाय चुनाव अलग-अलग लड़े थे। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा करने के तरीके खोजने के प्रयास करने होंगे। राउत ने यह भी कहा कि पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और नासिक नगर निकायों में एमवीए मौजूद रहेगा।
शिंदे ने किया गठबंधन में चुनाव लड़ने का एलान
बता दें कि पिछले सप्ताह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि शिवसेना सत्तारूढ़ महायुति के तहत अगले साल होने वाले बीएमसी चुनाव लड़ेगी। शिंदे ने कहा, "बीएमसी चुनाव सभी 227 नगर निगम वार्डों में महायुति गठबंधन के रूप में लड़ा जाएगा। महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल है।
विधानसभा चुनाव में एमवीए का हाल
महाविकास अघाड़ी में उद्धव ठाकरे की शिवसेना, कांग्रेस और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) शामिल है। विधानसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने 24 सीटों पर चुनाव लड़ा। मगर जीत सिर्फ 10 सीटों पर ही मिली। कांग्रेस ने 10 प्रत्याशियों को उतारा और पार्टी चार सीटों पर जीती। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा। दोनों ही सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।