विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat Assembly Elections: गुजरात में ये है अमित शाह और BJP की चुनावी तैयारी, जमीनी स्तर पर जुटे मंत्री

By Devshanker ChovdharyEdited By:
Published: Tue, 25 Oct 2022 06:39 PM (IST)

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी जोरों पर है। गुजरात में वर्षों से सत्ता पर काबिज भाजपा इस ...और पढ़ें

गुजरात में ये है मोदी और शाह की चुनावी तैयारी।
गुजरात में ये है मोदी और शाह की चुनावी तैयारी।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Gujarat Vidhan Sabha Chunav 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी जोरों पर है। गुजरात में वर्षों से सत्ता पर काबिज भाजपा इस बार भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है और यही कारण है कि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कमान संभाल ली है। गुजरात चुनाव को लेकर भाजपा जमीनी स्तर पर प्रचार-प्रसार कर रही है। खुद पीएम मोदी ने पिछले दिनों में गुजरात में कई परियोजनाओं का लोकार्पण व आधारशिला रखी है।

गुजरात में मतदाताओं को लुभाने की कोशिश

दरअसल, भाजपा गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले की तैयारी के तौर पर देख रही है। इसके लिए, भाजपा ने गुजरात में लोगों को कई बड़े तोहफे दिए हैं। गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले गैस की कीमतों को कम कर दिया गया। साथ ही कई फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को भी बढ़ाया गया है। वहीं, पिछले दिनों मोदी और शाह ने भी गुजरात में कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। जिसका सीधा प्रभाव मतदाताओं पर पड़ने वाला है।

जमीनी स्तर पर भाजपा के मंत्री व नेता सक्रिय

गुजरात के 182 विधानसभा सीटों पर जमीनी स्तर पर प्रचार करने के लिए भाजपा ने कई राज्यों के मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों सहित आरएसएस से जुड़े नेताओं को चुना है। भाजपा ने खासकर उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के नेताओं को इस अभियान में लगाया है। शीर्ष नेतृत्व अभियान को बूथ स्तर तक देख रहे हैं। भाजपा इस बार पाटीदारों और पटेलों को लुभाने के लिए हार्दिक पटेल को पहले ही अपने पाले में कर चुकी है। क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में पटेल और पाटीदार आंदोलन ने भाजपा को मुश्किल में डालने की कोशिश की थी।

सभी वर्गों सहित प्रवासि‍यों को साधने में जुटी भाजपा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा गुजरात चुनाव में इस बार पहले की अपेक्षा ज्यादा सक्रिय है और यही वजह है कि पार्टी के विभिन्न राज्यों से आए नेता और मंत्री गुजरात के गांवों में घूम रहे हैं। वैसे तो भाजपा सभी चुनावों में सटीक रणनीति से काम करती है, लेकिन गुजरात को काफी पैनी नजर से देखा जा रहा है, क्योंकि गुजरात पीएम मोदी का गृह राज्य है। भाजपा सभी वर्ग-जातियों और खासकर प्रवासी वोटरों को हर कीमत पर साथ रखना चाहती है और इसी कारण से भोजपुरी गायक और नेता मनोज तिवारी व रवि किशन को चुनाव अभियान में लगाया गया है।

भाजपा के सामने गुजरात में चुनौती

इस बार गुजरात में भाजपा को कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी से थोड़ी बहुत चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि कुछ शहरी सीटों पर भाजपा को आम आदमी पार्टी चुनौती दे सकती है और इसके लिए अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया ने गुजरात में अपनी सक्रियता बढ़ाई है। वहीं, कांग्रेस इस बार साइलेंटली प्रचार कर रही है।

ये भी पढ़ें: गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा 1-2 दिन में संभव, चुनाव आयोग की तैयारी पूरी

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर भाजपा लड़ेगी गुजरात विधानसभा चुनाव, विपक्षी दलों का पीएम पर हमले से परहेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।