कर्नाटक में भाजपा शुरू करेगी हेल्पलाइन, तेजस्वी सूर्या बोले- हमारे कार्यकर्ता को धमका रही कांग्रेस
तेजस्वी सूर्या ने बताया कि कर्नाटक में भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद के लिए हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। संज्ञान में आया है कि कांग्रेस के यहां की सत्ता में आने के बाद वे हमारे कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं।

बेंगलुरु, पीटीआइ। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के अत्याचारों से कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए राज्य कानूनी प्रकोष्ठ द्वारा जल्द ही एक हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रकोष्ठ ने अपने सभी वकीलों के साथ बैठक की है।
कांग्रेस हमारे कार्यकर्ता को धमका रहे हैं: भाजपा
संज्ञान में आया है कि कांग्रेस के यहां की सत्ता में आने के बाद वे हमारे कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं, झूठे आरोप लगा रहे हैं और थानों में केस दर्ज करा रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं के विरुद्ध झूठे मामले दर्ज होने या पुलिस तंत्र का दुरुपयोग होने पर वे इस हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकेंगे। राज्य के कोने-कोने में मौजूद वकीलों की हमारी टीम कार्यकर्ताओं की मदद करेगी।
कांग्रेस सरकार के दौरान त्योहारों को मनाने से रोका गया था: भाजपा
भाजपा की कानूनी प्रकोष्ठ जनहित याचिका के माध्यम से अदालत का दरवाजा खटखटाकर समाज के हितों की रक्षा करेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान त्योहारों को मनाने से रोकने का प्रयास किया गया था। यदि ऐसी स्थिति फिर आती है तो वकीलों की एक टीम इसके खिलाफ लड़ने के लिए बेंगलुरु, धारवाड़ और गुलबर्गा में तैयार है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।