'भाजपा के लिए ऐतिहासिक नतीजे, AAP के सामने अस्तित्व का संकट', दिल्ली चुनाव पर विदेशी मीडिया ने क्या लिखा?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतकर भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में अपनी सरकार बनाने को तैयार है। भाजपा की इस शानदार जीत ने दुनियाभर के मीडिया का ध्यान खींचा है। इस बार के चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें जीत सकी। कांग्रेस मुकाबले में नहीं थी हालांकि उसके वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई।

जेएनएन, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतकर भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में अपनी सरकार बनाने को तैयार है। भाजपा की इस शानदार जीत ने दुनियाभर के मीडिया का ध्यान खींचा है। इस बार के चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें जीत सकी। कांग्रेस मुकाबले में नहीं थी, हालांकि उसके वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई।
भाजपा के लिए ऐतिहासिक नतीजे
वैश्विक मीडिया के अनुसार यह चुनाव परिणाम भाजपा के लिए ऐतिहासिक है। यह जीत शहरी इलाकों में खासकर मध्यम वर्ग के मतदाताओं के बीच भाजपा के बढ़ते जनाधार को दर्शाती है। स्पेन के एक प्रमुख अखबार अल पासो ने इस घटना को इस शीर्षक के साथ कवर किया, ''भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पार्टी, तीन दशकों के बाद दिल्ली में सत्ता में लौटी''। लेख में भाजपा की चुनावी सफलता और दिल्ली के प्रशासन पर इसके असर का विश्लेषण किया गया।
आप कर रही संकट का सामना
बीबीसी ने इस चुनाव को भाजपा और आप दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई करार दिया। रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि भाजपा के लिए दिल्ली की सत्ता हासिल करना चुनावी सफलता से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।
फाइनेंशियल टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा, आम आदमी पार्टी, जिसे कभी मजबूत क्षेत्रीय ताकत के रूप में देखा जाता था, अब अस्तित्व के संकट का सामना कर रही है। दिल्ली आम आदमी पार्टी का गढ़ था। भाजपा के हाथों इसे खोना उसकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।''
न्यूयार्क टाइम्स ने क्या लिखा?
फाइनेंशियल टाइम्स ने विश्लेषण किया है कि दिल्ली का चुनाव परिणाम भारत के राजनीतिक परिदृश्य को कैसे प्रभावित कर सकता है। न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली में लोगों ने दुश्वारियों से अजीज आकर इस बार भाजपा का समर्थन किया।
माइक्रो मैनेजमेंट का जिक्र
अल जजीरा ने इस जीत के संदर्भ में राजनीतिक विश्लेषक रशीद किदवई से बात की। रशीद ने बताया कि यह जीत निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा के माइक्रो मैनेजमेंट की सफलता है। बूथ स्तर पर भाजपा का माइक्रो मैनेजमेंट बेजोड़ है। रशीद ने अल जजीरा को बताया, दिल्ली मिनी भारत है।
यहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोग रहते हैं। भाजपा ने दिखाया है कि अगर वे दिल्ली जीत सकते हैं, तो देश में कहीं भी जीत सकते हैं। पाकिस्तान के जियो टीवी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि भाजपा की जीत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।