Year Ender 2024: चेस में भारत का बजा डंका, डी गुकेश बने नए बादशाह तो आर प्रगनानंद ने भी रचा इतिहास
साल 2024 में भारत ने चेस की दुनिया में अपना डंका बजाया। पहले आर प्रगनानंद ने दुनिया के नंबर-1 और नंबर-2 खिलाड़ी को एक ही टूर्नामेंट हराया तो डी गुकेश ने भारत को तीन बार गर्व से सीना चौड़ा कर दिया। पहली बार डी गुकेश ने कैंडीडेट्स चेस इवेंट जीता उसके बाद चेस ओलंपियाड में आखिरी बाजी जीतकर इतिहास रच दिया। फिर चेस के नए बादशाह बन गए।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साल 2024 समाप्ति की तरफ तेजी से बढ़ रहा। यह साल खेल प्रेमियों के लिए कई यादगार पल लेकर आया। एक तरफ जहां भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की तो वहीं, अन्य खेलों में भी भारत ने अपना दबदबा बनाया। 18 साल का भारतीय खिलाड़ी चेस की दुनिया का नया बादशाह बना तो वहीं, अन्य भारतीय ग्रैंडमास्टर्स ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
शुरुआत करते हैं आर प्रगनानंद से। 2 जून 2024 को भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने नॉर्वे चेस टूर्नामेंट में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी को हराकर इतिहास रच दिया था। प्रगनानंद ने पहली बार एक ही टूर्नामेंट में वर्ल्ड नंबर-1 और वर्ल्ड नंबर-2 को हराया। क्लासिकल चेस मैच में पांचवें राउंड में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी फैबियानों कारूआना को हराया। इससे पहले प्रगनानंद ने मैग्नसन कार्लसन को हराया था।
कैंडीडेट्स चेस इवेंट में दबदबा
जीत का कारवां पहुंचा डी गुकेश के पास। भारत के ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने 17 साल की उम्र में कैंडीडेट्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। डी गुकेश विश्व खिताब जीतने वाले सबसे युवा चैलेंजर बने थे। गुकेश ने गैरी कास्पारोव द्वारा 40 साल पहले बनाए रिकॉर्ड को बेहतर किया। गुकेश ने अमेरिका के हिकारू नाकामुरा को आसानी से मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
चेस ओलंपियाड में भारत का बजा डंका
जीत का सिलसिला और आगे बढ़ा और बुडापेस्ट में आयोजित FIDE चेस ओलंपियाड में भारत ने गोल्ड जीतकर इतिहास में अपना दर्ज कराया। भारत ने पहली बार चेस ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता। भारत की पुरुष और महिला टीमों ने 45वें शतरंज ओलंपियाड में अंतिम दौर में अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर इस प्रतियोगिता में पहली बार गोल्ड जीता। इस प्रतियोगिता में 195 देश की 197 टीमें मेंस वर्ग में और महिला वर्ग में 181 देश की 183 टीमों ने हिस्सा लिया था।
चेस को मिला उसका नया बादशाह
साल के खत्म होने से पहले भारत को और खुश खबरी मिली, जब डी गुकेश चेस के नए बादशाह बन गए। भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने 12 दिसंबर 2024 को सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप के निर्णायक 14वें गेम में चीन के डिंग लिरेन को हराकर सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बने। 18 साल की उम्र में गुकेश, विश्वनाथन आनंद के बाद शतरंज में विश्व चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।