यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
India Open Badminton: शादी के बाद पहली बार कोर्ट पर नजर आएंगी पीवी सिंधू, सात्विक-चिराग पर भी रहेंगी नजरें
भारत में होने वाले सबसे बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंट इंडिया ओपन की शुरुआत आज से हो रही है जिसमें दिग्गज खिलाड़ी ...और पढ़ें

HighLights
- India Open: भारत ने उतारा अपना सबसे बड़ा दल
- India open: 21 सदस्यीय भारतीय दल पेश करेगा चुनौती
- India Open: 2022 में सात्विक-चिराग बने थे चैंपियन
नई दिल्ली, पीटीआई: भारत ने मंगलवार से शुरू हो रहे इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में अपना सबसे बड़ा दल उतारा है और नजरें लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे सात्विक साइराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पर लगी होंगी। दुनिया की पूर्व नंबर एक पुरुष डबल्स टीम ने 2022 इंडिया ओपन जीता था और 2025 सत्र में पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचकर अच्छी शुरुआत की थी।
पेरिस ओलंपिक की निराशा के बावजूद दोनों पिछले दो साल में भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। चाइना मास्टर्स 2024 सेमीफाइनल खेल चुके सात्विक और चिराग का सामना पहले दौर में मलेशिया के वेइ चोंग मैन और केइ वुन ती से होगा।सात्विक-चिराग की जोड़ी के अलावा दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू पर भी सभी की नजरें होंगी।
यह भी पढे़ं- Syed Modi International: पीवी सिंधू को जीत के लिए खूब बहाना पड़ा पसीना, लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
शादी के बाद पहली बार
सिंधू अपने विवाह के कारण मलेशिया मास्टर्स से बाहर रहने के बाद वापसी कर रही हैं। हैदराबाद की 29 वर्ष की सिंधू ने सैयद मोदी इंटरनेशनल खिताब जीता था लेकिन उसमें अधिकांश भारतीय खिलाड़ी ही खेले थे। सिंधू का सामना पहले दौर में अनुपमा उपाध्याय से होगा। वह आगे जापान की तोमोका मियाजाकी से खेल सकती है जिसने उन्हें पिछले साल स्विस ओपन में हराया था।
लक्ष्य सेन पर नजरें
पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन दावेदार होंगे। सैयद मोदी खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेन मलेशिया में शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए थे। यहां तीन साल पहले खिताब जीत चुके लक्ष्य का सामना पहले दौर में चीन के होंग यांग वेंग से होगा। टूर्नामेंट में दुनिया के शीर्ष 20 पुरुष सिंगल्स खिलाड़ियों में से 18 और महिला सिंगल्स में 14 शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रही हैं।
भारतीयों में प्रियांशु राजावत को पहले दौर में छठी वरीयता प्राप्त जापान के कोडाइ नाराओका से जबकि मालविका बंसोड को तीसरी वरीयता प्राप्त चीन की युइ हान से खेलना है। आकर्षि कश्यप का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।
