विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Odisha News: कैसे हुई 3.5 करोड़ रुपये की लूट, आठ लुटेरे गिरफ्तार; एक ने दी थी टिप

Published: Sun, 02 Feb 2025 03:37 PM (IST)

ओडिशा पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। धर्मगढ़ में 30 जनवरी की रात हुई 3.5 करोड़ की लूट का ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा लुटेरों से बरामद की गई रकम। (फोटो जागरण)
पुलिस द्वारा लुटेरों से बरामद की गई रकम। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पुलिस डीजी ने कहा- लुटेरों को पकड़ने में 11 जिलों की पुलिस टीम ने की मदद
  2. लूट में किसी स्थानीय व्यक्ति का हाथ था या नहीं पुलिस कर रही है जांच

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कालाहांडी जिले के धर्मगढ़ में 30 जनवरी की रात लुटेरों ने एक देसी शराब की भट्टी से 3.5 करोड़ रुपये लूट लिए थे। इतने बड़े पैमाने पर हुई लूट की वारदात ने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दी थी।

हालांकि लूट के 24 घंटे के भीतर, कालाहांडी जिला पुलिस ने लूट में शामिल लुटेरों के आठ सदस्यीय झारखंडी गिरोह को पकड़ने और सभी पैसे बरामद करने में कामयाब रही है।

आरोपितों की पहचान ताहिर अंसारी, समीम अंसारी, समीम अंसारी, हुसैन खान, जसीम खान, बासुदेव गोपे, पिंटू उर्फ अलीम और अनुज कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से लूट में प्रयुक्त एक पिस्तौल और एक बोलेरो (जेएच 10 एपी 4817) जब्त की है। झारखंड के रांची से करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद अंसारी गैंग कालाहांडी धर्मगढ़ से लूट की सुनियोजित वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहा, लेकिन लूट के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया है।

पुलिस महानिदेशक ने दी जानकारी

रविवार को इस संदर्भ में भुवनेश्वर में संवाददाता सम्मेलन में पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने डकैती की घटना की जानकारी दी और इस गिरोह को पकड़ने में सहयोग के लिए 11 जिलों की पुलिस को धन्यवाद दिया।

डीजीपी ने कहा है कि अंसारी गिरोह के सभी सदस्य पुलिस के जाल में फंस गए हैं और लूट का सारा पैसा मिल गया है।उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या स्थानीय लोगों में से किसी ने इस गिरोह की मदद की।

भट्टी का मालिक झारखंडी

दिलचस्प बात यह है कि देसी शराब भट्टी का मालिक झारखंडी है। झारखंडी शराब कारोबारी भवानीपटना में 10 और धर्मगढ़ में 8 देसी शराब भट्ठी का मालिक है।

जिस शराब भट्टी पर लूट हुई है, वह धरमगढ़ पुलिस स्टेशन से सात किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और सभी 18 भट्टी का प्रबंधन यहीं से किया जाता है।

महीने के अंतिम समय में मालिक ने कर्मचारियों के वेतन, वाहन किराए और अन्य मासिक लेनदेन के लिए यहां पैसे रखे थे। ऐसे में लुटेरों के गिरोह को इसकी भनक लग गई थी और वे लूट घटना को अंजाम दिए।

इस तरह से पकड़े गए लुटेरे

घटना वाली रात बदमाश बोलेरो गाड़ी से शराब भट्टी पर पहुंचे। हथियार लहराते हुए लुटेरे वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को डराते हुए भट्ठी में घुस गए। बड़ी बात यह है कि वे सीधे उस कमरे में घुस गए जहां पैसे रखे गए थे और महज 10-12 मिनट में सारा पैसा एक बैग में भरकर भट्ठी से निकल गए।

भट्ठी से बाहर आते ही कर्मचारी जोर-जोर से चिल्लाने लगे और धर्मगढ़ थाने में फोन कर सूचना दी। उन्होंने पुलिस को वाहन नंबर के बारे में भी बताया। कालाहांडी एसपी ने तुरंत जिले के सभी पुलिस स्टेशनों को सतर्क कर दिया और उन्हें सभी सड़कों पर गश्त करने का आदेश दिया।

उन्होंने झारखंड के संबलपुर, सुंदरगढ़, बरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला की ग्रामीण पुलिस के साथ-साथ गुमला और रांची ग्रामीण पुलिस को भी सूचित किया।

आधी रात पहुंच गए रांची

सभी टोल बूथों पर कर्मचारियों को वाहनों के नंबर बता दिए गए। हालांकि इससे पहले वे ओडिशा सीमा को पार कर आधी रात को रांची पहुंच गए थे।

हालांकि लुटेरों ने अपने दो साथियों को धर्मगढ़ में ही छोड़ दिया था। पुलिस डीजी खुरानिया ने बताया कि धर्मगढ़ पुलिस थाना ने डकैतों के गिरोह का पीछा करते हुए, भट्ठी से कुछ ही दूरी पर एक जंगली इलाके में दो व्यक्तियों को संदिग्ध हालत में देखा।

वे वाहन से लिफ्ट मांग रहे थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि यह पुलिस का वाहन है, तो वे जंगल में भाग गए।पुलिस कर्मियों ने दोनों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया।

थाने ले जाकर पूछताछ करने के बाद लूट की वारदात का पता चला। गिरोह का एक सदस्य पहले भट्ठी पर काम करता था और वह रेकी करने में मदद करता था। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम रांची पहुंची और वहां की पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार किया।

रांची पुलिस के मुताबिक गिरोह के खिलाफ डकैती के कई मामले दर्ज हैं। हैरानी की बात यह है कि लुटेरों के गिरोह ने दोनों को पीछे क्यों छोड़ा, इस बारे में पुलिस ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें- 

Bihar Crime: 'मुझे कुछ लोग...', FCI कर्मी पिता के आखिरी कॉल के बाद उन्हें खोजता रहा बेटा; देर रात मिला शव

गजरौला में दिनदहाड़े कारोबारी से दो लाख की लूट, विरोध करने पर मारपीट कर किया घायल; CCTV से पहचान में जुटी पुलिस