ह्यूमेन सागर पर लगा पत्नी पर जबरन धर्म बदलने के लिए दबाव डालने का आरोप, ससुरालवालों से दहेज लेने का भी खुलासा
लोकप्रिय ओलीवुड सिंगर ह्यूमेन सागर घरेलू हिंसा मामले में बुरे फंसते जा रहे हैं। उनकी पत्नी श्रिया के वकील ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि गायक ने पत्नी पर जबरन धर्म बदलने का दबाव डाला था।

जासं, कटक। घरेलू हिंसा मामले में मशहूर उड़िया गायक ह्यूमेन सागर की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब उनके खिलाफ एक और गंभीर आरोप लगाया आया, जिसमें दावा किया गया कि पार्श्व गायक अपनी पत्नी श्रिया मिश्रा को अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर कर रहे थे। श्रिया मिश्रा के वकील अनिल राय ने आरोप लगाया है कि ह्यूमेन सागर ईसाई हैं और उनकी पत्नी हिंदू हैं इसलिए वह उन पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाल रहे थे।
ह्यूमेन ने कई बार पत्नी को मारने तक की कोशिश: श्रिया के वकील
श्रिया के वकील ने कहा कि गायक पिछले चार साल से शारीरिक और मानसिक रूप तौर पर उनके मुवक्किल को प्रताड़ित कर रहे थे। कटक में महिला पुलिस थाने के बाहर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''ह्यूमेन ने कई बार अपनी पत्नी को मारने तक की कोशिश की थी।
ह्यूमेन पर लगा दहेज लेने का आरोप
इतना ही नहीं, ह्यूमेन पर दहेज लेने का भी आरोप लगा है। बताया गया है कि गायक को शादी के बाद श्रिया के परिवार ने कुल 15 लाख रुपये नकद दिए थे। पहले उन्होंने 10 लाख रुपये नकद दिए थे और बाद में शेष 5 लाख रुपये की राशि दी गई थी। उनकी मांग के अनुसार उन्हें एक कार भी दी गई थी। हालांकि, शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। अब दोनों पति-पत्नी पिछले चार महीनों से अलग रह रहे थे।
पति-पत्नी के बीच पांच साल से अनबन
श्रिया के पिता श्रीकांत मिश्रा ने आरोप लगाया कि ह्यूमेन सागर और उनकी बेटी के बीच पिछले पांच साल से विवाद चल रहा था। धर्म परिवर्तन के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'श्रिया इसके बारे में और खुलासा कर सकती है।' उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि ह्यूमेन ईसाई धर्म को मानने वाले हैं, लेकिन हमने उनकी शादी कर दी क्योंकि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। शादी के बाद उसने नशे की हालत में मेरी बेटी को गाली देनी शुरू कर दी। हमने चर्चा के माध्यम से दोनों के बीच कलह को हल करने की कोशिश की थी, लेकिन हम नाकाम रहे।' गौरतलब है कि ह्यूमेन सागर उस समय विवादों से घिर गए थे, जब उनकी पत्नी ने कमिश्नरेट पुलिस में उनके खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।