Humane Sagar: मशहूर उड़िया गायक ह्यूमेन सागर पर घरेलू शोषण का आरोप, पुलिस ने पति-पत्नी को आज बुलाया महिला थाने
Humane Sagar उड़िया गायक ह्यूमेन सागर पर उनकी पत्नी ने मानसिक और शारिरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद पुलिस ने पति-पत्नी को महिला थाना बुलाया है। बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों की काउंसलिंग करेगी।

अनुगुल/ भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। लोकप्रिय उड़िया गायक ह्यूमेन सागर पर उनकी पत्नी ने घरेलू शोषण का आरोप लगाया था। इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने ह्यूमेन सागर और उनकी पत्नी श्रिया मिश्रा को महिला थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की काउंसलिंग की जाएगी। महिला थाना पुलिस ह्यूमेन सागर पर लगे आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस सबसे पहले श्रिया से पूछताछ करेगी। उसके बाद, पुलिस ह्यूमेन सागर से उनका पक्ष जानेगी। इसके बाद महिला पुलिस दोनों से एक साथ पूछताछ करेगी।
श्रिया ने बुधवार को कटक डीसीपी से मुलाकात की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ह्यूमेन पिछले कुछ महीनों से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। जिसके बाद डीएसपी ने मामले की जांच का निर्देश दिया।
ह्यूमेन का घर छोड़ अलग रह रही पत्नी
पिछले कुछ समय से ह्यूमेन सागर और उनकी पत्नी के बीच वैवाहिक कलह चल रही थी। जिसके चलते श्रिया ने कटक के सीडीए सेक्टर-6 स्थित ह्यूमेन सागर का घर छोड़ दिया। फिलहाल, वह बालासोर में अपने पिता के यहां रह रही हैं।
रियलिटी शो के सेट पर मिले थे ह्यूमेन-श्रिया
बता दें कि ह्यूमेन और श्रिया की मुलाकात उड़िया सिंगिंग रियलिटी शो 'वॉयस ऑफ ओडिशा' के सेट पर हुई थी। दोनों शो के दूसरे सीजन के प्रतियोगी थे। वे शो के दौरान दोस्त बने और जल्द ही डेटिंग शुरू कर दी। इसी बीच ह्यूमेन सागर ने प्रतियोगिता जीती थी।
दोनों ने 2017 में शादी की थी। श्रिया बालासोर की रहने वाली हैं, जबकि ह्यूमेन बलांगीर के रहने वाले हैं। उन्होंने एक साथ कई गाने गाए हैं। इसके साथ ही वे एक बेटी के माता-पिता हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।