Odisha News: ब्राह्मणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, एक की मौत और बाढ़ की चपेट में हजारों लोग
जागरण संवाददाता के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के चलते ओडिशा के केन्द्रापड़ा जिले में ब्राह्मणी नदी में बाढ़ आ गई है जिससे 80000 से अधिक लोग प्रभावित हैं। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। श्रीरामपुर पंचायत में एक व्यक्ति की नदी में बहने से मौत हो गई। पट्टामुंडई ब्लॉक की कई पंचायतें और नगर परिषद के वार्ड जलमग्न हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण प्रदेश में हो रही लगातार वर्षा के चलते केन्द्रापड़ा जिले में ब्राह्मणी नदी में दूसरी बार बाढ़ आ गई है। बाढ़ के कारण सैकड़ों गांवों के 80,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं।
अलभा के पास खतरे का निशान 16 फीट है जबकि नदी का जलस्तर 17.4 फीट पर प्रवाहित हो रहा है। श्रीरामपुर पंचायत के पालपटना गांव के दीनबंधु धल (65) की ब्राह्मणी नदी में बह जाने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जब तक ग्रामीणों ने नाव की मदद से उसे बचाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, बाढ़ के पानी में बह रहे गांव के एक अन्य सदस्य प्रताप साहू को ग्रामीणों ने बचा लिया है।
जानकारी के मुताबिक ब्राह्मणी का जलस्तर बढ़ने से पट्टामुंडई ब्लॉक की 12 पंचायतों और नगर परिषद के 10 वार्डों में जलभराव हो गया है। पर्याप्त नाव न होने के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लगातार हो रही वर्षा ने बाढ़ से परेशान लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
इसी तरह इलाके में मगरमच्छ और विषैले सांप का डर बना हुआ है। पट्टामुंडई ब्लॉक के बलभद्रपुर, डामरपुर, श्रीरामपुर, बालीपटना, बाछरा, बलूरिया, अमृतमणोही, अंडरा, पेंठपाल, तरड़ीपाल, अल्पुआ और सिंहगांव पंचायतें जलमग्न हैं।
सिंहगांव पंचायत की स्थिति बहुत दयनीय है। जलस्तर बढ़ने से ब्राह्मणी नदी के किनारे रहने वाले लोग दहशत में हैं। उधर, पट्टामुंडई नगर पालिका के 10 वार्डों में लोग जलभराव से घिरे हुए हैं।
कटक-चांदबाली सड़क पर कषणअंटा के पास पानी भर गया है। कषणअंटा, बालीपड़ा, तनुपुर और नंदीनगर गांवों में कई सड़कें जलमग्न हो गईं हैं जबकि गांव के रास्ते में पानी भर गया है। गांव में जहरीले सांप के घुसने से लोग शाम ढलने के बाद घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
मौजूदा बाढ़ में मूंग, धान और सब्जियां समेत सभी फसलें जलमग्न और बर्बाद हो गई हैं। पट्टामुंडई जल संसाधन विभाग स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें- Odisha News: लगातार बारिश से उफान पर ईब नदी का जलस्तर, आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।