Odisha News: लगातार बारिश से उफान पर ईब नदी का जलस्तर, आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
ब्रजराजनगर में भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ईब नदी का जल स्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में दहशत है। चंडी मंदिर में पानी घुसने से स्थिति गंभीर हो गई है। प्रशासन पूरी तरह से तैयार है और हीराकुंड जलाशय के फाटक खुलने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर। इस समय तेज बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इससे स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर रहे हैं। वहीं, ब्रजराजनगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण बाढ़ की आशंका गहराने लगी है।
ईब नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल है। इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि नगर के प्रसिद्ध चंडी मंदिर परिसर में पानी घुस गया है, जिससे नगर के निम्न इलाकों में जलभराव और संभावित बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
उधर, हिराकुंड जलाशय के 20 फाटक खोले जाने की खबर से उम्मीद जगी है कि इससे नदी में जलस्तर का दबाव कुछ कम हो सकता है, और बाढ़ का खतरा आंशिक रूप से टल सकता है।
यह भी पढ़ें- Odisha News: ब्राह्मणी नदी तट में कटाव से बाढ़ का खतरा, चपेट में लहुणीपाड़ा ब्लाक के 15 गांव
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।