Akhilesh Yadav: 'जाति जनगणना के बिना सामाजिक न्याय संभव नहीं', ओडिशा में बोले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav In Odisha) ने कहा कि जाति जनगणना के बिना सामाजिक न्याय असंभव है। उन्होंने ओडिशा में सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने की बात कही। यादव ने कांग्रेस नेता श्रीकांत जेना से मुलाकात की और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए जागरूकता फैलाने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस द्वारा ईडी के गठन की भी आलोचना की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजनीतिक स्थिति को देखते हुए देश में न्याय शासन की आवश्यकता है।सामाजिक न्याय को लेकर बीआर आंबेडकर का जो सपना था वह आज जरूरी हो गया है। लोगों के बीच भेदभाव बढ़ रहा है। संवैधानिक संगठनों में स्वतंत्रता नहीं है। कानून का राज और सामाजिक न्याय स्थापित करना जरूरी है। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में कही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले जाति जनगणना को लेकर कांग्रेस से लड़ाई हुई है, लेकिन अब कांग्रेस ने इसे स्वीकार कर लिया है। जाति जनगणना के बिना सामाजिक न्याय संभव नहीं है। संविधान कमजोर होगा तो लोकतंत्र कमजोर होगा। ओडिशा दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ सांसद डिम्पल यादव भी नजर आईं।
'ओडिशा में सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़नी चाहिए'
ओडिशा दौरे पर आए अखिलेश यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना से मुलाकात करने के साथ ही उनके आवास पर ही एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित किया। अखिलेश ने कहा कि ओडिशा में सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़नी चाहिए। पिछड़े वर्गों के साथ जो अन्याय हो रहा है, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा, यहां पिछड़े वर्ग के लोगों को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में वे अधिकार नहीं मिल रहे हैं जो उन्हें मिलने चाहिए। हम लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे। जनगणना के बाद ही सीमाओं का सीमांकन संभव हो सकेगा। यदि जनगणना होती है, तो हम जाति जनगणना की मांग करेंगे।
'ईडी का गठन कांग्रेस ने ही किया था'
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि ईडी का गठन कांग्रेस ने ही किया था। आज ईडी के लिए कांग्रेस को ही काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। देश में आर्थिक अपराध की जांच करने के लिए बहुत-सी एजेंसियां हैं। ऐसे में ईडी की क्या जरूरत है?
क्या कांग्रेस में शामिल होंगे श्रीकांत जेना?
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का ओडिशा में कोई संगठन नहीं है। आने वाले दिनों में पार्टी को मजबूत करने और लोगों से जुड़ने का प्रयास किया जाएगा। अखिलेश के इस बयान के बाद श्रीकांत जेना के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चा होने लगी है।
'मैं कांग्रेस पार्टी में हूं...'
वहीं, कांग्रेस नेता जेना ने कहा कि सामाजिक न्याय पर लड़ाई पहले से ही चल रही है। एससी/एसटी और अल्पसंख्यकों को उनके संवैधानिक अधिकार कैसे मिले, इसके लिए हर कोई एकजुट होकर लड़ेगा। मैं कांग्रेस पार्टी में हूं। उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी से मिलने वाले लोग पाला बदल रहे हैं, ऐसा नहीं होता है?
आने वाले दिनों में सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद और अन्य दलों के नेता एक मंच पर साथ आएंगे।जेना ने कहा कि ओडिशा में 54 फीसदी आबादी को आरक्षण नहीं मिल रहा है।
श्रीकांत जेना के अखिलेश यादव से मुलाकात पर पीसीसी अध्यक्ष भक्तचरण दास ने कहा कि यह राजनीतिक बैठक नहीं थी। अखिलेश यादव आईएनडीआई गठबंधन के सहयोगी हैं। उन्होंने मुझे भी मिलने के लिए भी बुलाया था। हालांकि, वह उनसे नहीं मिल सके, क्योंकि ईडी कार्यालय का आज घेराव होना था। उन्होंने कहा कि उनका मंदिर दर्शन कार्यक्रम पहले से ही निर्धारित था।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का अखिलेश पर निशाना
वहीं, इस मुलाकात पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन समल ने कहा है कि अखिलेश यादव आईएनडीआई गठबंधन के सहयोगी हैं। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दिया। तब वहां कानून का कोई राज नहीं था। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने उत्तर प्रदेश में अराजकता और भेदभाव की नीति शुरू की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।