विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी-बिहार में गर्मी का कहर जारी, राजस्थान में झुलसा रही लू; मानसून को लेकर आया ताजा अपडेट

Published: Wed, 21 May 2025 05:53 AM (IST)Updated: Wed, 21 May 2025 07:00 AM (IST)

यूपी-बिहार समेत राजस्थान पंजाब में आने वाले कई दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी। वहीं राजस्थान में तो लू झुलसाएगी। वहीं ...और पढ़ें

यूपी-बिहार समेत राजस्थान, पंजाब में आने वाले कई दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी (फोटो- एएनआई)
यूपी-बिहार समेत राजस्थान, पंजाब में आने वाले कई दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. दक्षिण में प्रचंड बारिश और उत्तर में गर्मी
  2. पूर्वानुमान से पहले केरल में दस्तक दे सकता है मानसून
  3. मौसमी स्थितियां अनुकूल-कभी भी केरल में सक्रिय हो सकता है मानसून

अरविंद शर्मा, जागरण, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यूपी-बिहार समेत राजस्थान, पंजाब में आने वाले कई दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी। वहीं, राजस्थान में तो लू झुलसाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है और अधिक गर्म दिन रहने से जीवन और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

महाराष्ट्र में होगी बारिश

वहीं, भारत के तटीय हिस्से में केरल से लेकर महाराष्ट्र तक भारी बारिश होने का अनुमान है। मुंबई में आज के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। पिछले दो दिनों से इस बड़े क्षेत्र में भारी वर्षा का संयोग बना हुआ है। नई दिल्ली अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी में मौसम की स्थितियां मानसून के अनुकूल बनी हुई हैं।

समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी लेकर चक्रवातीय हवा स्थल की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। मानसून भी पूरा अंडमान निकोबार और आधा श्रीलंका को पार कर उत्तर की ओर बढ़ चुका है। स्पष्ट है कि मानसून केरल से अब ज्यादा दूर नहीं रह गया है।

पूर्वानुमान से पहले केरल में दस्तक दे सकता है मानसून

भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने 27 मई को केरल तट पर मानसून के पहुंच जाने की घोषणा पहले से ही कर रखी है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह दो-तीन दिन पहले भी दस्तक दे सकता है। पिछले वर्ष भी घोषित तिथि से दो दिन पहले ही मानसून का केरल में आगमन हुआ था।

आइएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने भी मानसून के पहले पहुंचने का संकेत दिया है। तीन-चार दिनों में मौसम की गतिविधियों में बड़ा परिवर्तन आने वाला है। बंगाल की खाड़ी अभी शांत है। हालांकि एक चक्रवातीय हवा का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है।

अरब सागर में बड़ी हलचल

अरब सागर में बड़ी हलचल है। कम दबाव का एक मजबूत क्षेत्र बना हुआ जो एक-दो दिनों में चक्रवात में तब्दील हो सकता है। इसके सहारे मानसून केरल में प्रवेश कर सकता है। उसके बाद भी मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।

यहां जल्दी आ सकता है मानसून

बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मानसून जल्दी आ सकता है। अन्य राज्यों में भी पूर्व की अनुमानित तिथियों से हफ्ते भर पहले पहुंच सकता है। अरब सागर का कम दबाव का क्षेत्र अगर तूफान में तब्दील होता है तो इससे तबाही अमन-ओमान में होगी।

अभी देश में दो तरह की मौसमी स्थितियां सक्रिय हैं। दक्षिण में प्रचंड बारिश और उत्तर में गर्मी है। अंडमान निकोबार में 24 मई से बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है।

यह भी पढ़ें- शिमला में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, सीजन का सबसे गर्म दिन रहा ये दिन

दक्षिण के राज्यों में बारिश होगी

बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रही चक्रवातीय हवाओं के असर से दक्षिण के राज्यों में भारी से अति भारी वर्षा होने का अनुमान है। इस बीच उत्तर भारत का मौसम अगले तीन से चार दिनों तक शुष्क रहेगा।

हालांकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बादलों का आना-जाना लगा रह सकता है। हल्की वर्षा भी हो सकती है। पश्चिम में पाकिस्तान में चक्रवात की स्थिति बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- यूपी का ये कैसा मौसम! कई जिलों में तेज हवा के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना

इससे जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। बिहार के तराई क्षेत्र एवं झारखंड में हल्की बारिश के साथ मेघगर्जन संभव है। बंगाल में आंधी-पानी के साथ बिजली गिरने से काल बैसाखी का असर देखा जा सकता है।

यहां जानें अपने शहर के मौसम का हाल