अमेरिका ने भारतीयों को दी सौगात, 10 लाख से अधिक गैर-आप्रवासी वीजा किए जारी; छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा
भारत में अमेरिकी मिशन ने शुक्रवार को कहा कि उसने लगातार दूसरे साल दस लाख से अधिक गैर-आप्रवासी वीजा जारी किए हैं। पिछले चार वर्षों में भारत से आने वाले यात्रियों की संख्या में पांच गुना वृद्धि हुई है। 2024 के पहले 11 महीनों में 20 लाख से अधिक भारतीयों ने अमेरिका की यात्रा की है। यह 2023 की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक है।
पीटीआई, नई दिल्ली। अमेरिका ने लगातार दूसरे वर्ष भारतीयों के लिए 10 लाख से अधिक गैर-आप्रवासी वीजा जारी किए, जिनमें रिकॉर्ड संख्या में विजिटर वीजा भी शामिल हैं। भारत में अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 2008/2009 शैक्षणिक वर्ष के बाद भारत 2024 में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को भेजने वाला शीर्ष देश बन गया है।
क्या है गैर-आप्रवासी वीजा?
कुल मिलाकर 331,000 से अधिक छात्र अमेरिका में पढ़ रहे हैं। गैर-आप्रवासी वीजा उन विदेशी नागरिकों के लिए जारी किया जाता है जो अस्थायी आधार पर अमेरिका में प्रवेश चाहते हैं। इसके अतिरिक्त भारत ने लगातार दो वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय स्नातक छात्रों के सबसे बड़े योगदानकर्ता के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखी है, जिनकी संख्या 19 प्रतिशत बढ़कर लगभग 200,000 हो गई है।
यह तथ्य भी जानें
- भारत 2024 में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को भेजने वाला शीर्ष देश बना।
- अमेरिका में कुल मिलाकर 331,000 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं।
- अमेरिकी राज्यों में एच-1बी वीजा नवीनीकृत प्रोजेक्ट रहा सफल।
- यूएसए को छोड़े बिना वीजा को नवीनीकृत करने की मिली मंजूरी।
- पिछले चार सालों में 20 लाख भारतीयों ने की अमेरिका की यात्रा।
11 महीने में 26 फीसदी की हुई वृद्धि
पिछले चार वर्षों में भारत से विजिटर्स की संख्या पांच गुना बढ़ गई है और 20 लाख से अधिक भारतीयों ने अमेरिका की यात्रा की है। 2024 के पहले 11 महीनों में अमेरिका में 2023 की इसी अवधि की तुलना में 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस साल अमेरिकी राज्यों में एच-1बी वीजा को नवीनीकृत करने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट पर काम किया गया। यह सफल रहा।
बिना अमेरिका छोड़े वीजा नवीनीकृत करने की अनुमति मिल गई। राज्य विभाग 2025 में औपचारिक रूप से यूएस-आधारित नवीनीकरण कार्यक्रम स्थापित करने के लिए काम कर रहा है, जिससे बड़ी संख्या में भारतीयों को लाभ होने की उम्मीद है।
50 लाख भारतीयों के पास गैर-आप्रवासी वीजा
अमेरिका दूतावास ने बताया कि 50 लाख से अधिक भारतीयों के पास पहले से ही अमेरिका जाने के लिए गैर-आप्रवासी वीजा है और हर दिन मिशन हजारों और वीजा जारी करता है। दूतावास ने कहा कि अमेरिकी मिशन ने भारत में रहने वाले और यात्रा करने वाले अमेरिकी नागरिकों को 24,000 से अधिक पासपोर्ट और अन्य कांसुलर सेवाएं भी प्रदान की हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।