विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

NIT मामले में केंद्र गंभीर, कहा-दोषी पुलिस अफसरों पर होगी कार्रवाई

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Wed, 06 Apr 2016 10:01 PM (IST)Updated: Wed, 06 Apr 2016 10:56 PM (IST)

गृह मंत्री ने छात्रों को पूरा भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। श्रीनगर स्थित एनआइटी के परिसर में गैर कश्मीरी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार ने काफी गंभीरता दिखाई है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री स्मृति ईरानी और प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस मामले में जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बातचीत की है। साथ ही गृह मंत्री ने छात्रों को पूरा भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। सीआरपीएफ की तैनाती के साथ एनआइटी कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा, 'मैं एनआइटी के सभी छात्रों को यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि वे आश्वस्त रहें। उनकी सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचेगा। मैंने राज्य की मुख्यमंत्री से इस बारे में बात भी की। उन्होंने भी बताया है कि वहां छात्रों को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। छात्रों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने सभी जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस कार्रवाई को लेकर भी जांच कराई जाएगी। ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई इसका कारण जानने की कोशिश की जाएगी। इसमें अगर पुलिस अधिकारी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सचिव से भी बात की। साथ ही वहां के छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को वहां भेजने को कहा था। अब निदेशक स्तर के अधिकारी वहां पहुंच गए हैैं। वहां छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। वह छात्रों की समस्या के बारे में जानकारी देंगे और कदम उठाएंगे।

इसके अलावा, मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी और प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बातचीत की। स्मृति ईरानी ने कहा, 'मंत्रालय के अधिकारी वहां के छात्रों के संपर्क में हैं। छात्रों से और उनके परिवार वालों से बातचीत की जा रही है। सिर्फ एक-दो छात्रों ने घर लौटने की इच्छा जताई है। उन्हें वापस भेजने का इंतजाम किया जा रहा है। छात्रों को यह भरोसा भी दिलाया गया है कि उनके प्रदर्शन में शामिल होने की वजह से उनके परीक्षा नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं पीएमओ राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री महबूबा ने इस मामले की संवेदनशीलता का ध्यान रखते हुए जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।

श्रीनगर स्थित एनआइटी में 31 मार्च की रात से स्थिति तनावपूर्ण है। टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारत जब वेस्टइंडीज से हारा था तो कुछ कश्मीरी छात्रों ने जश्न मनाया था। इस पर बाहरी और कश्मीरी छात्रों के बीच झड़प हो गई थी।

सीआरपीएफ और एसएसबी तैनात
श्रीनगर में स्थित एनआइटी कैंपस में मंगलवार के दिन बाहरी छात्रों को तिरंगा लेकर जुलूस निकालने पर पुलिस ने बेरहमी से पीटा था। इससे उपजी दहशत और तनाव के बाद देर रात ही वहां केंद्रीय सुरक्षा बल सीआरपीएफ के 200 जवानों को भी तैनात किया गया है। राज्य पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवान भी परिसर के अंदर और बाहर मौजूद हैं।

यह भी पढ़ेंः बाम्बे हाईकोर्ट ने बीसीसीआई को लगाई फटकार, कहा-मैच अहम या लोग

यह भी पढ़ेंः खेल की सभी खबरों के लिए यहां क्लिक करें