Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन, बारिश के भी आसार; आने वाले दिनों में इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

    उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। पंजाब में तीन दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की वजह से दिल्ली और हरियाणा में ठिठुरन बढ़ गई है। राजस्थान में मौसम में बदलाव के आसार हैं। कश्मीर घाटी में पारा शून्य के नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में अधिकारियों को पांच दिन के लिए अलर्ट पर रखा गया है।

    By Ajay Kumar Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 24 Dec 2024 11:00 PM (IST)
    Hero Image
    हिमाचल प्रदेश के मंडी के सेराज घाटी में बर्फबारी से ढकी सड़क पर चलते लोग। ( फोटो- एएनआई)

    जेएनएन, नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में बीते दो दिनों से शुरू हुए बर्फबारी और बारिश के सिलसिले का असर अब पूरे उत्तर भारत में दिख रहा है। इसके कारण ठंड बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में भी हल्की बारिश से तापमान गिरा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन राज्यों में तापमान और गिरने का अनुमान लगाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कश्मीर घाटी में पारा शून्य के नीचे

    जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हिमपात के कारण कई जगहों पर तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। मंगलवार को भी पूरी कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहा। सोमवार रात को पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा और यह कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।

    दिल्ली में भी बढ़ी ठंड

    श्रीनगर में भी पारा माइनस 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, लेकिन जम्मू में दिन में कुछ राहत है। सोमवार को माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर हल्का हिमपात हुआ था। इधर, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    शिमला सहित कई जगहों पर दूसरे दिन भी हिमपात, 226 सड़कें बंद

    हिमाचल में शिमला सहित ऊंचे क्षेत्रों में मंगलवार को भी हिमपात हुआ। इस कारण तीन एनएच सहित 226 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गईं हैं। शिमला में हवाई सेवाएं भी बाधित हैं। नारकंडा व कुफरी में करीब आधा फीट, शिमला में तीन इंच हिमपात हुआ। मौसम विभाग ने 25 व 26 दिसंबर को ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना जताई है, साथ ही छह जिलों में शीतलहर के साथ घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

    पांच दिन तक अलर्ट

    वहीं, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमपात के कारण बंद सड़कों को मौसम के साफ रहने पर दो दिन के भीतर खोल दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अगले पांच दिन तक अलर्ट रहने और छुट्टियों को रद करने का निर्देश दिया है।

    उत्तराखंड में जोरदार बर्फबारी, गंगोत्री समेत चार राजमार्ग बाधित

    उत्तराखंड में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून व पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले स्थानों पर सोमवार दोपहर से शुरू हुई हिमपात का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। हिमपात के कारण उत्तरकाशी में गंगोत्री राजमार्ग, रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ-चोपता और चमोली में जोशीमठ-बदरीनाथ और जोशीमठ-मलारी राजमार्ग बाधित रहे।

    यहां जमी दो फीट तक बर्फ

    बदरीधाम व केदारनाथ धाम में दो फीट तक बर्फ जम चुकी है। गंगोत्री व यमुनोत्री के प्रवास स्थल भी बर्फ से लकदक हैं। वर्षा व बर्फबारी से समूचा उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है।

    राजस्थान और पंजाब में बारिश से बढ़ी सर्दी

    राजस्थान में मंगलवार को भी बारिश हुई। इस कारण तापमान में गिरावट हुई और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। ठिठुरन बढ़ने के साथ सुबह काफी देर तक कोहरा छाया रहा। अलवर और आसपास के इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। जयपुर और जोधपुर में कोहरे का असर दिखाई पड़ा है।

    पंजाब में तीन दिन का येलो अलर्ट

    मौसम विभाग ने गुरूवार से फिर बारिश की संभावना जताई है। उधर पंजाब में अगले तीन दिन 27 दिसंबर तक शीतलहर चलने व घनी धुंध पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की वर्षा भी हो सकती है। इससे ठंड भी बढ़ सकती है। पठानकोट सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

    यह भी पढ़ें: इकरा हसन कब करेंगी शादी, क्या है आगे का प्लान? सादगी भरे अंदाज में सपा सांसद ने दिया जवाब


    यह भी पढ़ें: दाऊद के भाई इकबाल कासकर के खिलाफ ED का एक्शन, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीबी का फ्लैट जब्त