विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भारत को 2047 तक विकसित और 'आत्मनिर्भर' बनाने का संकल्प लें : राष्ट्रपति मुर्मु

By AgencyEdited By: Achyut Kumar
Published: Mon, 26 Sep 2022 08:57 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को लोगों से भारत को 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का ...और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का कर्नाटक दौरा (फोटो- ट्विटर)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का कर्नाटक दौरा (फोटो- ट्विटर)

हुबली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों से 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित और 'आत्मनिर्भर' राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है, जब देश अपनी स्वतंत्रता का शताब्दी वर्ष मना रहा होगा। वह उनके सम्मान में हुबली-धारवाड़ नगर निगम द्वारा सोमवार को यहां आयोजित नागरिक सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं।

मंगलवार को वह बेंगलुरु में हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (HAL) के अत्याधुनिक क्रायोजेनिक इंजन निर्माण सुविधा (ICMF) का उद्घाटन करेंगी। सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने अध्यात्म, साहित्य, संगीत, कला और शिक्षा के क्षेत्र में इस क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियों के योगदान को याद किया।

समारोह में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी समेत अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महान स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

राष्ट्रपति ने कहा, 'आज पूरा देश स्वतंत्रता के 75वें साल में 'आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहा है। यह उत्सव तब तक अधूरा है जब तक हम मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन और याद नहीं करते हैं। मैं उन्हें नमन करती हूं।'

उन्होंने कहा, 'आजादी का अमृत महोत्सव 'आत्मनिर्भर भारत' के लिए संकल्प लेने का समय है। हमें यह संकल्प करना है कि 2047 तक, जब यह देश अपना शताब्दी वर्ष मनाएगा, भारत विकसित और आत्मनिर्भर होगा।'

4,500 वर्गमीटर में फैला है ICMF

राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार को हाल के जिस एकीकृत क्रोयोजेनिक इंजन निर्माण सुविधा (ICMF) का उद्घाटन करेंगी, वह 4,500 वर्ग क्षेत्र में फैला है। इसके निर्माण पर 208 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस परिसर को विकसित करने के लिए 2013 में हाल के एयरोस्पेस डिविजन और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के बीच करार हुआ था।

इस परिसर में इसरो के लिए क्रायोजेनिक (CE20) और सेमी-क्रायोजेनिक (SE2000) इंजन का निर्माण किया जाएगा। अगले साल मार्च से यहां इंजन का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस परिसर के बाद इसरो के लिए एक ही छत के नीचे राकेट इंजन तैयार की सुविधा हो जाएगी।

राष्ट्रपति ने मैसूरु में दशहरा उत्सव का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति मुर्मु ने मैसुरु में 10 दिनों तक चलने वाले दशहरा उत्सव का उद्घाटन किया। कोरोना महामारी के चलते दो साल तक इस उत्सव का आयोजन नहीं किया जा सका था। चामुंडी पर्वत पर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर परिसर में शुभ वृश्चिक लग्न में राष्ट्रपति ने इस उत्सव का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने चामुंडेश्वरी देवी की पूजा अर्चना भी की।

ये भी पढ़ें: अमृत महोत्सव: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों धारूहेड़ा नगरपालिका को मिलेगा स्वच्छ शहर का अवार्ड

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में एयर शो: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी मुख्य अतिथि, शो के लिए App पर बुक करवानी होगी सीट