विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Operation Sindoor: पेशावर, हैदराबाद... भारत ने पाकिस्तान के किन-किन शहरों पर किया था अटैक? PAK ने ही खोल दी अपनी पोल

Published: Tue, 03 Jun 2025 07:45 PM (IST)Updated: Tue, 03 Jun 2025 09:32 PM (IST)

पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेशी मंचों पर झूठी कहानी गढ़ रहा है। बिलावल भुट्टो के नेतृत्व में एक दल ...और पढ़ें

पाकिस्तान ने दुनिया को बताई ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी दिलचस्प कहानी।(फोटो सोर्स: जागरण ग्राफिक्स )
पाकिस्तान ने दुनिया को बताई ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी दिलचस्प कहानी।(फोटो सोर्स: जागरण ग्राफिक्स )

HighLights

  1. भारत ने पेशावर, छोर, हैदराबाद पर भी किया हमला:
  2. पाक का खुलासा प्रोपेगेंडा फैलाने में अपनी भद पिटवा रहा है पाकिस्तान
  3. पेशावर, छोर जैसे शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों को भी भारत ने बनाया निशाना

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) को लेकर अपना “प्रोपेगेंडा वॉर'' विदेशी जमीन पर उतार तो दिया है, लेकिन इसमें भी इसकी भद पिटती नजर आ रही है।

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना की तरफ यह बताया गया था कि उसने पाकिस्तान में मुजफ्फराबाद, मुरीदके, मुजफ्फराबाद, कोटली समेत नौ स्थलों पर स्थित आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया था।

अब पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की अगुआई में एक विशेष दल अमेरिका, रूस जैसे तमाम देशों की यात्रा पर निकला है। यह दल अपने साथ एक डोजियर भी विदेशी सरकारों, मीडिया व थिंक टैंक के समक्ष पेश कर रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर में नष्ट हुए पाकिस्तान के छह लड़ाकू एवं एक सी-130 विमान

भारतीय वायुसेना के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि भारत की क्रूज एवं सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों ने पाकिस्तानी वायुसेना के छह लड़ाकू विमानों, दो अन्य अहम विमानों, 10 से अधिक अनमैन्ड काम्बैट एरियल व्हीकल (यूसीएवी), एक सी-130 परिवहन विमान के साथ कई क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया। हालांकि, भारतीय वायुसेना अभी भी संघर्ष के दौरान एकत्रित भारी मात्रा में आंकड़ों का विश्लेषण कर रही है।

दुनिया में झूठी कहानी गढ़ रहा पाकिस्तान 

इस डोजियर में बताया गया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के पेशावर ( खैबर पख्तूनख्वा), हैदराबाद व छोर (सिंध), गुजरात, बहावलनगर, अटोक, और झांग (पंजाब) पर भी हमला किया गया था। जबकि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना की तरफ से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कभी भी इन शहरों का नाम नहीं लिया गया कि इन्हें भी निशाना बनाया गया था।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदरूनी इलाकों में किया हमला 

यह सूचना बताती है कि भारतीय सैन्य बलों ने पाकिस्तान के सभी राज्यों पंजाब, सिंध और खैबर पख्तूनख्वा (पेशावर) पर हमला किया है। साथ ही अभी तक भारतीय सेना की तरफ से पाकिस्तान के जितना अंदर जा कर हमला करने की सूचना थी, असलियत में हमला उससे भी ज्यादा अंदरूनी इलाकों में हुआ है। पाकिस्तान ने जितने नये शहरों के नाम बताये हैं, उन सभी में पाकिस्तान सेना के अड्डे हैं।

इनमें से कुछ सैन्य अड्डे पाकिस्तान की सैन्य ताकत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जैसे सिंध के छोर में स्थित पाकिस्तान आर्मी स्कूल फॉर डिजर्ट वारफेयर स्थित है। इसके आगे थार रेगिस्तान की शुरुआत है जो भारत के राजस्थान राज्य स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा तक है। पेशावर में पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) का सबसे प्रतिष्ठित सैन्य अड्डा है। हाल के दशक में पाकिस्तान की कोशिश पेशावर स्थित पीएएफ अड्डे को बेहद सुरक्षित अड्डे के तौर पर विकसित करने की है।

सीजफायर को लेकर पाकिस्तान ने साध ली चुप्पी 

अब पाकिस्तान स्वयं स्वीकार कर रहा है कि भारतीय हमले से यह सुरक्षित नहीं है। माना जा रहा है कि इन सुरक्षित व सैन्य रणनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समझे जाने वाले ठिकानों पर पर हमले के बाद ही पाकिस्तान ने अमेरिका से गुहार लगाई कि भारत के साथ जल्द से जल्द सीजफायर कराया जाए। भारत ने वैसे इस डोजियर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

वजह यह बताया जा रहा है कि इसमें बहुत सारी सूचनाएं साफ तौर पर झूठी हैं। मसलन, एक जगह यह कहा गया है कि भारत ने अफगानिस्तान तक मिसाइल से हमला किया है। इस बात से अफगानिस्तान सरकार भी इनकार कर चुकी है और भारत भी।

पाकिस्तान ने भारतीय हमले के बाद अपनी कार्रवाई को भी खूब बढ़ा चढ़ा कर पेश किया है। इसमें फिर से भारतीय वायु सेना के तीन राफेल विमान और एक-एक मिग-29, सुखोई-30 और आदमपुर व भूज में तैनात एस-400 बैट्री सिस्टम को निशाना बनाने की बात कही गई है।

बयास और नागरोटा स्थित ब्रह्मोस स्टोरेज सुविधा को बर्बाद करने का भी दावा किया गया है। यह दावा भी किया गया है कि पाकिस्तान सेना की तरफ से भेजे गये ड्रोन भारत के प्रमुख शहरों व राजनीतिक भवनों के उपर मंडराते रहे।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर हमले को लेकर जिस तरह से वीडियो व सैटेलाइट तस्वीरों को सबूत के तौर पर पेश किया था, वैसा पाकिस्तानी डोजियर में नहीं है। हमले से जुड़ी ज्यादातर तथ्य ग्राफिक्स के जरिए पेश किये गये हैं। जबकि कई विदेशी समाचार माध्यमों ने अभी अपनी रिपोर्ट में भारतीय हमले से तबाह पाकिस्तान सैन्य अड्डों की सबूत प्रकाशित किये हैं।

भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर किए थे हमले 

भारतीय सेना की तरफ से दी गई सूचना के मुताबिक पहलगाम हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत ने 6-7 मई, 2025 को ऑपरेशन सिंदूर लॉंच किया था। इसमें पाकिस्तान के बहावलपुर, मुरीदके, मुजफ्फराबाद, कोटली, रावलकोट, चकस्वारी, भीमबेड़ और चकवाल स्थित आतंकी संगठन लश्करे-तैयबा के आतंकी प्रशिक्षण केंद्रों पर हमला किया गया।

अगले दिन जब पाकिस्तान ने भारतीय शहरों व सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की तो भारत ने नूर खान, मुरीद, सरगोधा, भोलारी, स्कारू, जकोबाबाद समेत कुछ अन्य शशहरो में स्थिति पाकिस्तानी वायु सेना व सैन्य अड्डों को निशाना बनाया गया।

यह भी पढ़ें: नहीं सुधरेगा नकलबाज पाकिस्तान! विदेशों में जाएगा PAK का डेलिगेशन; फिर भी 'आतंकिस्तान' का झूठ होगा बेनकाब