खोया प्यार वापस पाएं! बिछड़े प्रेमियों को मिलाने के नाम पर मुंबई में जालसाजी, 16 लाख का सोना और कैश लेकर हुए फरार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के दो लोगों को गिरफ्तार किया है जिन पर प्यार में टूटे दिलों का फायदा उठाकर ठगी करने का आरोप है। ये आरोपी बिछड़े प्रेमी-प्रेमिकाओं को मिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगते थे। पुलिस ने उनके पास से सोना और नकदी बरामद की है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने एक महिला के घर से सोना और नकदी चुराई थी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के रहने वाले 2 लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पर बड़ी जालसाजी का आरोप है। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, प्यार में जिन लोगों का दिल टूट जाता था, दोनों आरोपी ऐसे ही लोगों को अपना शिकार बनाते थे और बिछड़े प्रेमी-प्रेमिकाओं को मिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दोनों के पास से भारी संख्या में सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है। पुलिस को 1 अगस्त को इस मामले की भनक लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें- हैलो! मैं Virat Kohli बोल रहा हूं... जिस कॉल को समझा मजाक, वो निकला असली; देसी युवक को क्यों फोन करने लगे क्रिकेटर्स?
चोरी से शुरू हुआ सिलसिला
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, 1 अगस्त को 52 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज करवाई। महिला का कहना था कि कुछ अनजान लोग अचानक उसके घर में घुस आए और 129 ग्राम सोना समेत 3.2 लाख रुपये उठा ले गए। यह पूरा सामान 16.2 लाख रुपये का था। पुलिस ने चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली और मामले की छानबीन शुरू की।
24 घंटे में पैचअप करवाने का वादा
मुंबई क्राइम ब्रांच ने जब मामले की तह तक जाने की कोशिश की, तो चौंकाने वाली चीजें निकलकर सामने आई। पीड़ित महिला की बेटी का हाल ही में ब्रेकअप हुआ था। ब्रेकअप के बाद उसने इंस्टाग्राम पर 'इरफान खानजी' नामक शख्स से बात की थी। इस बातचीत में कथित आरोपी ने 24 घंटे के अंदर उसे उसका प्यार वापस दिलाने का आश्वन दिया था।
बेटी को जाल में फंसाया
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बेटी ने अपने प्यार को दोबारा हासिल करने की उम्मीद से इरफान को अपना मोबाइल नंबर दे दिया। एक शख्स ने खुद को पादरी बताते हुए उसके पास फोन किया और उसे यकीन दिलाया कि कुछ अनुष्ठान करने से उसे उसका प्यार वापस मिल जाएगा।
पादरी ने फोन पर महिला की बेटी से कहा कि इस अनुष्ठान में चांदी के घड़े, सोने के दिए और सोने की फाइल, सोने के नाखून और कुछ पौधे लगेंगे। इसके लिए पैसे किसी तीसरी पार्टी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने होंगे और सोना लेने के लिए एक शख्स खुद उसके घर आएगा।
आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?
पुलिस की पूछताछ में लड़की ने भी सारा सच कबूल कर लिया। वहीं पुलिस ने जब आरोपियों का फोन नंबर ट्रेस किया, तो इसका पता राजस्थान के गंगानगर का निकला। पुलिस ने दोनों आरोपी विकास मनोज कुमार मेघवाल (21 साल) और मनोज श्यामसुंदर नागपाल (30 साल) को गिरफ्तार कर लिया है।
हैदराबाद-दिल्ली में कई लड़कियों को लूटा
पुलिस को दोनों आरोपियों के पास 13 लाख का सोना और 3.18 लाख रुपये नकद मिला है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह हैदराबाद और दिल्ली में कई लड़कियों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स, सिम और बैंक अकाउंट भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।