विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कर्नाटक में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन से 6 लोगों की मौत; सीएम बोले- 125 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा

Published: Fri, 30 May 2025 10:33 PM (IST)Updated: Fri, 30 May 2025 11:34 PM (IST)

Karnataka Rain कर्नाटक में भारी बारिश और भूस्खलन से छह लोगों की मौत हो गई है जिसमें मोंटेपदावु कोडी क्षेत्र ...और पढ़ें

कर्नाटक में भारी बारिश का कहर। (फोटो- पीटीआई)
कर्नाटक में भारी बारिश का कहर। (फोटो- पीटीआई)

HighLights

  1. कर्नाटक में मूसलधार बारिश और भूस्खलन, छह लोगों की मौत।
  2. केरल और असम में भी बारिश को लेकर रेड अलर्ट।

पीटीआई, मंगलुरु। Karnataka Rain:  कर्नाटक में मूसलधार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात मोंटेपदावु कोडी क्षेत्र में भूस्खलन के बाद एक घर में पांच लोग मलबे के नीचे फंस गए। महिला और उसके बच्चे को मलबे से निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के एक अन्य बच्चे की मौत हो गई है।

गुरुवार रातभर मूसलधार बारिश की वजह से भूस्खलन की एक अन्य घटना में तीन लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। कर्नाटक के सीएम ने बताया कि बारिश ने पिछले 125 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 

दीवार गिरने से कई लोगों की मौत

एक अन्य घटना में, मंगलुरु में शुक्रवार सुबह घर पर दीवार गिरने से छह वर्षीय बालिका फातिमा नसीम की मौत हो गई, वहीं गुरुवार को एक हाई-टेंशन लाइन की मरम्मत करते समय एक लाइनमैन की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

केरल में पांच लोगों की मौत

केरल के सभी 14 जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। मलप्पुरम से दो लोगों के लापता होने की खबर है। राज्य में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्यभर में लगभग दो हजार घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। 60 राहत शिविरों में लगभग दो हजार लोगों को ठहराया गया है। राज्य में शुक्रवार को अधिकांश ट्रेनें देर से चल रही हैं।

सीएम ने दिए अधिकारियों को निर्देश 

वहीं, कर्नाटक के सीएम सिद्दरमैया ने कहा कि पिछले 125 वर्षों में पहली बार राज्य में मई महीने में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है और 28 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। कर्नाटक के सीएम ने संबंधित अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का तुरंत दौरा करने और प्रभावित लोगों को आवश्यक मुआवजा देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में अधिकारियों से कहा कि बारिश से हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। जिलों में एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष) के तहत 1,000 करोड़ रुपये से अधिक उपलब्ध हैं।

असम में भारी बारिश का रेड अलर्ट

असम के अधिकांश क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी भारी बारिश हो रही है जिससे असम की स्थिति और बिगड़ गई है।

गुवाहाटी में गुरुवार रात से भारी बारिश हो रही है। शहर के लगभग सभी इलाकों में जलभराव हो गया है। राज्य में नौ लाख लोगों की बिजली कनेक्शन काट दी गई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।

मिजोरम में लगातार बारिश

आइजल में स्कूल बंदमिजोरम में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। आइजल में जिले में शुक्रवार को स्कूलों को दूसरे दिन भी बंद रखा गया। राज्य में बुधवार से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह आइजल जिले में इमारत भूस्खलन में बह गई। हालांकि, इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई।

यह भी पढ़ें: सिक्किम में बड़ा हादसा, 1000 फीट नीचे नदी में गिरा पर्यटकों से भरा वाहन; BJP नेता समेत चार की मौत

यह भी पढ़ें: दिल्ली, बिहार और बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज