Move to Jagran APP

पिछले चार महीनों के दौरान घरेलू उड़ानों में तकनीकी खामी की दसवीं घटना, उड्डयन मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इंडिगो विमान में खामी पिछले चार महीनों के दौरान घरेलू उड़ानों में तकनीकी दिक्कतों की दसवीं घटना है। कल हुई घटना को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए को जांच के आदेश दिए हैं।

By AgencyEdited By: Amit SinghPublished: Sat, 29 Oct 2022 02:05 AM (IST)Updated: Sat, 29 Oct 2022 07:20 AM (IST)
चार महीनों में विमान में तकनीकी खामी की दसवीं घटना

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क: शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने को तैयार इंडिगो विमान के इंजन से अचानक चिंगारी निकलने लगी। जिसके बाद विमान को आनन फानन में इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया। विमान में 177 यात्री और क्रू के सात सदस्य सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। पिछले चार महीनों के दौरान घरेलू उड़ानों में तकनीकी खामी की यह दसवीं घटना है।

loksabha election banner

यह भी पढ़े: दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने को तैयार इंडिगो विमान के इंजन से निकली चिंगारी, आनन फानन में रोका टेकऑफ

पिछले चार महीनों में हुई कई घटनाएं

इससे पहले 13 अक्टूबर को गोवा से उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट के विमान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। पायलट ने विमान से धुआं निकलते देख इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया था। वहीं सितंबर के महीने में नासिक जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को तकनीकी गड़बड़ी के कारण वापस दिल्ली लौटना पड़ा था। बाद में विमान के ऑटो पायलट सिस्टम में गड़बड़ी की बात सामने आई थी।

घरेलू उड़ानों में कब, क्या हुई खामी

  • 14 जुलाई 2022: दिल्ली से वडोदरा के लिए उड़ान भरने के बाद इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया। इंजन में कंपन की शिकायत के बाद एहतियात के तौर पर यह फैसला किया गया।
  • 22 जुलाई 2022: दुबई से कोचीन जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान को केबिन प्रेशर कम होने  के कारण मुंबई की ओर मोड़ दिया गया।
  • 19 जुलाई 2022: एक ही दिन में Go Air के दो विमानों में तकनीकी खामी सामने आई। जिसके बाद एक फ्लाइट को दिल्ली, तो दूसरी को श्रीनगर भेजा गया
  • 28 जुलाई 2022: जयपुर हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट के एक विमान को आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। यह विमान कोलकाता से जबलुपुर जा रहा था, इस दौरान विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में गड़बड़ी सामने आई थी।
  • 05 अगस्त 2022: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुक्रवार को मुंबई जा रहे विमान से पक्षी टकरा गया। इसके बाद विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
  • 29 अगस्त 2022: दिल्ली से मुंबई फ्लाइट स्पाइसजेट बोइंग 737-800 विमान का मुंबई में  लैंड करते वक्त टायर फट गया। जिसके बाद मुख्य रनवे को निरीक्षण के लिए बंद करना पड़ा।
  • 01 सितंबर 2022: दिल्ली से नासिक जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को ऑटो पायलट सिस्टम में गड़बड़ी के बाद वापस बुलाना पड़ा।
  • 11 सितंबर 2022: वाराणसी से भुवनेश्वर जा रहे इंडिगो एयरलाइंस का विमान पक्षी टकरा गया। जिसके बाद विमान को वापस लैंड कराना पड़ा था।
  • 13 अक्टूबर 2022: गोवा से उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट की उड़ान की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान से धुआं निकलने की शिकायत के बाद यह फैसला किया गया।

शुक्रवार को हुई घटना का वीडियो वायरल

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो विमान के इंजन में तकनीकी गड़बड़ी होने के कारण, टेकऑफ के वक्त अचानक बड़ी तादाद में चिंगारियां निकलने लगी। इस घटना का विमान सवार कुछ यात्रियों ने वीडियो भी बनाया है। जिसे अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। हालांकि जागरण.कॉम इस तरह के किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

उड्डयन मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए के अधिकारियों को इंडिगो विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली से बैंगलोर जा रही फ्लाइट 6E-2131 के टेक-ऑफ के दौरान तकनीकी समस्या सामने आई थी। मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़े: SpiceJet के विमानों में लगातार आ रही गड़बड़ियों के बीच DGCA हुआ सख्त, इंजन तेल के नमूने लेने का दिया आदेश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.