Assam Flood: असम के बिश्वनाथ जिले में बाढ़ से बिगड़े हालात, 32 हजार से अधिक लोग प्रभावित; सात की मौत
असम में बाढ़ से स्थिति गंभीर है। असम के बिश्वनाथ जिले में 32400 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि इन इलाकों में बाढ़ से जनजीवन व्यस्त हो गया है। एसडीएमए ने कहा कि गोहपुर क्षेत्रों में 22417 लोग प्रभावित हुए हैं और हलेम क्षेत्रों में लगभग 10000 लोग प्रभावित हुए हैं।

गुवाहाटी, एएनआई। असम में बाढ़ से स्थिति गंभीर है। असम के बिश्वनाथ जिले में 32,400 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि इन इलाकों में बाढ़ से जनजीवन व्यस्त हो गया है।
भारी संख्या में लोग प्रभावित
एसडीएमए ने कहा कि बाढ़ से गोहपुर क्षेत्रों में 22,417 लोग प्रभावित हुए हैं और हलेम क्षेत्रों में लगभग 10,000 लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बिश्वनाथ उप-मंडल के अंतर्गत 47 गांव जलमग्न हो गए हैं, जबकि 858 हेक्टेयर फसल नष्ट हो गया है।
लोगों के घरों में घुसा है पानी
गोहपुर इलाके के एक स्थानीय निवासी ने कहा कि उनके घर के अंदर पानी का स्तर 3 फीट तक बढ़ गया है। उनहोंने कहा कि अब हमें बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अब हम अपने घर में नहीं रह सकते हैं। जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार हमारी मदद करेगी।
एएसडीएमए बाढ़ रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य में बाढ़ से 15 जिलों और दो उप-मंडलों के 31 राजस्व क्षेत्रों के तहत 385 गांवों के 1.08 लाख लोग प्रभावित हुए थे। बताया गया कि बाढ़ के पानी से 4168.40 हेक्टेयर फसल क्षेत्र डूब गया है।
प्रशासन ने बनाए राहत शिविर
अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित जिलों में 22 राहत शिविर और 71 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं, जहां अब 4,275 लोग शरण ले रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि गोलाघाट जिले में अनुमानित रूप से 19,379 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि धेमाजी जिले में 13,000 लोग, माजुली जिले में 12,000 लोग, डिब्रूगढ़ में 12,855 लोग, चिरांग जिले में 6218 लोग, धुबरी जिले में 3336 लोग, शिवसागर जिले में 3135 लोग प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ से सात लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, बाढ़ से 72,300 से अधिक घरेलू जानवर प्रभावित हुए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, स्थानीय प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
बता दें कि पिछले 24 घंटों में, बाढ़ प्रभावित कई जिलों में बाढ़ के पानी ने तीन तटबंधों, 42 सड़कों, पुलियों, सिंचाई नहरों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूल भवनों को नष्ट किया है। वहीं, राज्य में बाढ़ से अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।