Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    असम के धेमाजी में बाढ़ से बिगड़े हालात, 18 हजार से अधिक लोग प्रभावित; कई हेक्टेयर फसल बर्बाद

    By AgencyEdited By: Mohd Faisal
    Updated: Sun, 09 Jul 2023 01:39 PM (IST)

    Flood in Dhemaji असम के धेमाजी जिले में बाढ़ की स्थिति काफी गंभीर हो गई है। जानकारी के अनुसार बाढ़ के चलते लगभग 18000 लोग प्रभावित हुए हैं। साथ ही जिले के चार राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 48 गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं जिससे यहां मौजूद 530.07 हेक्टेयर फसल भी बर्बाद हो गई है।

    Hero Image
    असम के धेमाजी में बाढ़ से बिगड़े हालात, 18 हजार से अधिक लोग प्रभावित (फाइल फोटो)

    धेमाजी (असम), एजेंसी। असम के धेमाजी जिले में बाढ़ की स्थिति काफी गंभीर हो गई है। जानकारी के अनुसार, बाढ़ के चलते लगभग 18,000 लोग प्रभावित हुए हैं। साथ ही जिले के चार राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 48 गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे यहां मौजूद 530.07 हेक्टेयर फसल भी बर्बाद हो गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ब्रह्मपुत्र नदी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा

    दरअसल, बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र नदी समेत कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदियों का पानी लगातार बढ़ने से असम के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इसके अलावा कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी सिलापाथर मॉडल अस्पताल के परिसर में भी घुस गया है। इस वजह से मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    इसके अलावा डिकारी नदी में आई बाढ़ ने जामुगुरी, सियारी, उलुवानी और ताटीगुड़ी सहित कई गांवों को डुबा दिया है और हजारों ग्रामीण भी बाढ़ के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।

    मंत्री पीयूष हजारिका ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा

    असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, गोगामुख राजस्व सर्कल क्षेत्र में लगभग 8,000 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि सिसोबोरगांव राजस्व सर्कल क्षेत्र में 7,400 लोग प्रभावित हुए हैं। इससे पहले शनिवार को असम के जल संसाधन विभाग के मंत्री पीयूष हजारिका ने धेमाजी जिले का दौरा किया और जियाधल नदी और गाई नदी तटबंधों का भी निरीक्षण किया।

    खतरे के निशान से ऊपर बह रही ब्रह्मपुत्र नदी

    वहीं, एएसडीएमए की बाढ़ रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बाढ़ के वर्तमान हालातों से छह जिलों और एक राज्य उप-मंडल में लगभग 30,000 लोग प्रभावित हुए हैं और बाढ़ के पानी में 1263.07 हेक्टेयर फसल भूमि डूब गई है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित जिलों में 24,261 घरेलू जानवर और पशु भी प्रभावित हुए हैं।

    असम में बाढ़ से कई जिले हुए प्रभावित

    बता दें कि असम में बाढ़ की स्थिति में एक सप्ताह पहले सुधार हो रहा था लेकिन मूसलाधार बारिश से स्थिति फिर से गंभीर होने लगी है। बाढ़ की मौजूदा लहर से लखीमपुर, धेमाजी, चराइदेव, जोरहाट, करीमगंज, कामरूप और बिश्वनाथ उपमंडल प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा असम, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और नागलामुराघाट में दिसांग नदी और शिवसागर में भी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।