Move to Jagran APP

Coronavirus Lockdown: कोरोना मामलों के आधार पर देश को रेड, ऑरेंज, ग्रीन जोन में बांटा गया, जानें- आपका जिला किस जोन में

देश के कई राज्यों को लॉकडाउन से राहत देने के लिए केंद्र सरकार की योजना के तहत राज्यों के कई इलाकों को रेड ऑरेंज और ग्रीन तीन जोन में बांटा जाएगा।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Wed, 15 Apr 2020 09:16 PM (IST)Updated: Thu, 16 Apr 2020 11:19 AM (IST)
Coronavirus Lockdown: कोरोना मामलों के आधार पर देश को रेड, ऑरेंज, ग्रीन जोन में बांटा गया, जानें- आपका जिला किस जोन में

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों को लॉकडाउन से राहत देने के लिए केंद्र सरकार की योजना के तहत देश को अब रेड, ऑरेंज और ग्रीन तीन जोन में बांटा जाएगा। देश के कई राज्यों को इन तीन जोनों में बांटने का काम अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या के आधार पर किया जाएगा। चीन के वुहान शहर को इसी तरह रेड, ऑरेंज और ग्रीन तीन जोन में बांटा गया था।

loksabha election banner

लॉकडाउन में राहत देने के लिए गृहमंत्रालय की गाइडलाइंस के साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस के प्रभाव के आधार पर राज्यों को अपने जिले को रेड, आरेंज और ग्रीन जोन में निर्धारित करने का निर्देश दिया है। देश के 170 जिलों को रेज जोन में रखा गया है। इसके साथ ही संतोष की बात है कि कोरोना की बीमारी ने अभी तक सामुदायिक संक्रमण का रूप धारण नहीं किया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार देश में कुल 170 जिले रेड जोन हैं, वहीं 207 जिले आरेंज जोन है। जाहिर है देश में कुल 736 जिलों में 359 जिले पूरी तरह से कोराना से मुक्त हैं और ग्रीन जोन में हैं। इनमें रेड और आरेंज जोन में कोरोना वायरस का कंटेनमेंट प्लान लागू होगा और वहां किसी तरह की आर्थिक गतिविधि की इजाजत नहीं दी जाएगी। ग्रीन जोन में शारीरिक दूरी और मास्क की अनिवार्यता के साथ आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों की इजाजत मिलेगी। 28 दिन तक कोरोना का एक भी मरीज सामने नहीं आने के बाद आरेंज जोन ग्रीन जोन में तब्दील हो जाएगा।

रेड और आरेंज जोन में अंतर

रेड और आरेंज जोन में अंतर समझाते हुए उन्होंने कहा कि रेड जोन में वे इलाके शामिल हैं, जहां कोरोना के हॉटस्पॉट हैं। जबकि आरेंज जोन में कोई भी हॉटस्पॉट एरिया नहीं है। रेड जोन को भी दो भागों में बांटा गया है। रेड जोन में कुछ ऐसे इलाके हैं, जहां कोरोना का आउटब्रेक हुआ है। ऐसे जिलों की संख्या 123 है। इसके अलावा कुछ रेड जोन वाले जिले में कोरोना के बहुत सारे मरीज सामने आए हैं। वहां कलस्टर बन गए हैं। ऐसे जिलों की संख्या 47 हैं।

मौजूदा स्थिति

देश में कुल जिले 736

रेड जोन के जिले 170

आरेंज जोन के जिले 207

ग्रीन जोन के जिले 359

रेड जोन

आउट ब्रेक वाले जिले 123

क्लस्टर वाले जिले 47

देश के ये जिले रेड जोन में

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बिहार का सीवान, दिल्ली के दक्षिणी, दक्षिणी पूर्वी, शाहदरा, पश्चिमी उत्तरी और मध्य दिल्ली, उत्तरप्रदेश के आगरा, नोएडा, मेरठ, लखनऊ गाजियाबाद, शामली, फिरोजाबाद, मोरादाबाद और सहारनपुर रेड जोन में कोरोना आउटब्रेक वाले जिलों में शामिल है। जबकि बिहार का मुंगेर, बेगुसराय और गया, दिल्ली का उत्तरी-पश्चिमी, उत्तराखंड के नैनीताल और उधम सिंह नगर और उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर, सीतापुर, बस्ती और बागपत रेड जोन के कलस्टर वाले जिलों में है।

देश के ये जिले ऑरेंज जोन में शामिल

इसी तरह बिहार के गोपालगंज, नवादा, भागलपुर,सारन, लखीसराय, नालंदा और पटना, दिल्ली का उत्तरी-पूर्वी और उत्तरप्रदेश के कानपुर नगर, वाराणसी, अमरोहा, हापुड़, महाराजगंज, प्रतापगढ़ और रामपुर जैसे जिले ऑरेंज जोन में शामिल हैं, जहां न तो कोरोना का कलस्टर और न ही आउटब्रेक हुआ है। यहां कुछ केस पाए गए थे।

लव अग्रवाल के अनुसार राज्यों को पत्र लिखकर अपने-अपने यहां रेड, आरेंज और ग्रीन जोन की स्पष्ट पहचान करने को कहा गया है। राज्य चाहे तो भविष्य में कोरोना के केस आने की आशंका को देखते हुए किसी इलाके को आरेंज जोन में शामिल कर सकता है।

विभिन्न जोन में कंटेनमेंट का प्लान अलग-अलग

विभिन्न जोन में वायरस से कंटेनमेंट का प्लान अलग-अलग होता है। रेड जोन और उसके चारो और बफर जोन तय करने का अधिकार भी स्थानीय प्रशासन के ऊपर छोड़ा गया है। लव अग्रवाल के अनुसार ग्रामीण इलाके में सामान्य तौर पर कोरोना के केस आने वाली जगह के चारो ओर तीन किलोमीटर के इलाके में कंटेनमेंट प्लान लागू किया जाता है। उसके चारो ओर के सात किलोमीटर के दायरे को बफर जोन के रूप में रखा जाता है। घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में इसे तय करने का मापदंड अलग होता है और स्थानीय अधिकारी जमीनी हकीकत के आधार पर इसे निर्धारित करते हैं।

रेड जोन वाले इलाके में घर-घर होगा सर्वे 

जहां रेड जोन वाले इलाके में घर-घर सर्वे कर कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच की जाती है और पूरे इलाके को पूरी तरह सील कर किसी को आने-जाने की इजाजत नहीं दी जाती है। लेकिन बफर जोन में आर्थिक गतिविधियों पर रोक साथ जरूरी सेवाओं को चालू रखने की इजाजत दी जाती है। बफर जोन में सर्दी-खांसी, जुकाम और बुखार वाले मरीजों पर विशेष ध्यान रखा जाता है और उनका कोरोना टेस्ट किया जाता है।

ग्रीन जोन में भी किया जाएगा कोरोना टेस्ट 

रेड और आरेंज जोन के अलावा सरकार ने ग्रीन जोन में भी कोरोना पर नजर रखने का फैसला किया है। ग्रीन जोन वाले इनफ्लुएंजा या सांस से संबंधित बीमारी से गंभीर रूप से ग्रसित मरीजों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। ऐसे मरीजों की पहचान कर उन्हें कोरोना अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को दी गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.