Move to Jagran APP

दिल्ली में बनेगी भाजपा की सरकार : राजनाथ

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बननी तय है। जिस तरह से देश भर में मतदाताओं का भाजपा पर भरोसा बढ़ा है और कई राज्यों में पार्टी को सफलता मिली है, उससे यह तय है कि विधानसभा चुनाव में दिल्ली में भाजपा की ही

By Jagran News NetworkEdited By: Published: Sat, 27 Dec 2014 08:35 AM (IST)Updated: Sat, 27 Dec 2014 09:31 AM (IST)
दिल्ली में बनेगी भाजपा की सरकार : राजनाथ

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बननी तय है। जिस तरह से देश भर में मतदाताओं का भाजपा पर भरोसा बढ़ा है और कई राज्यों में पार्टी को सफलता मिली है, उससे यह तय है कि विधानसभा चुनाव में दिल्ली में भाजपा की ही सरकार बनेगी।

loksabha election banner

उन्होंने संकेत दिया कि जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा सरकार बना सकती है। वे शुक्रवार को बरवाला गांव में भारतीय किसान एवं भूमिहीन दलित बिग्रेड की ओर से आयोजित सभा में बोल रहे थे। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस का नाम लिए बगैर उस पर जमकर प्रहार किया और देश में व्याप्त गरीबी व बेरोजगारी के लिए उसे जिम्मेदार बताया।

उन्होंने कहा कि आजादी के 68 साल बाद भी देश से गरीबी व बेरोजगारी दूर नहीं हो सकी है, जबकि चीन के बाद भारत मानव संसाधन के मामले में सबसे बड़ा देश है। यहां की मिट्टी में प्राकृतिक संपदा की भरमार है। उन्होंने कहा कि इसके लिए लंबे समय तक शासन करने वाली पार्टी की गलत नीति व नीयत जिम्मेदार है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। ऐसे में गांवों के विकास से ही देश का विकास हो सकता है। जब तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार नहीं होगा तब तक देश की तरक्की नहीं हो सकती है। ऐसे में हमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था की चिंता करनी होगी।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को इसकी चिंता है और इसके लिए किसानों के हालात में सुधार के लिए काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि आमदनी बीमा योजना इसी सुधार की कड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना का लाभ गरीबों को मिल रहा है। अब तक हर परिवार के 90 फीसद लोगों के खाते बैंकों में खुल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना से सरकारी योजनाओं के तहत दी जाने वाली राशि को बिचौलिये नहीं हथिया सकेंगे और सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लोगों के खाते में ही जाएगी।बरवाला में आयोजित जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पगड़ी बांधकर सम्मानित करते ग्रामीण। साथ में हैं सांसद उदित राज, विजय गोयल व अन्य।

दिल्ली को बनाएंगे विश्वस्तरीय शहर
मोदी को चेहरा व विकास को मुद्दा बनाकर चुनावी दंगल में उतरने जा रही भाजपा दिल्ली को चमकाने के लिए आम जनता की राय से 20 सूत्री फामरूला बनाने में जुटी हुई है। इसे ‘विजन 20’ का नाम दिया गया है। इसके लिए सदस्यता अभियान के दौरान लोगों से फीडबैक फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। इसके साथ ऑनलाइन भी लोगों की राय ली जा रही है।

गौरतलब है कि वर्तमान में भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है और कार्यकर्ता लोगों के घर, धार्मिक स्थल, बस, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर दिल्लीवासियों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम में जुटे हुए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को अब सदस्यता फॉर्म के साथ फीड बैक फॉर्म भी दिया जा रहा है।

इसमें दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने को लेकर लोगों से सुझाव मांगे गए हैं। इसके साथ ही महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, अपराध, बिजली, पानी, आवास, अनधिकृत कॉलोनी, परिवहन, बेरोजगारी सहित दिल्ली की अन्य समस्याओं सहित डिजिटल दिल्ली, जन भागीदारी जैसे 32 विषयों का जिक्र कर लोगों से पूछा जा रहा है कि उनके मुताबिक राजधानी को प्रभावित करने वाले मुख्य विषय कौन से हैं।

ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें इसके लिए प्रत्येक संगठनात्मक जिले को पांच हजार लोगों से फीडबैक फॉर्म भरवाने का लक्ष्य दिया गया है। दिल्ली में भाजपा के 14 संगठनात्मक जिले हैं। इसी तरह से राजधानी के अलग-अलग वर्गो से बात कर उनकी समस्याएं और इनके समाधान के बारे में सुझाव लिए जा रहे हैं।

पढ़ें - दिल्ली के दंगल को अहम मान रही भाजपा

पढ़ें - अब दिल्ली फतह की तैयारी में जुटी भाजपा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.