फिर मुश्किलों में एअर इंडिया, इंग्लैंड से दिल्ली आ रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी; सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग
एअर इंडिया की फ्लाइट को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, एअर इंडिया की एक फ्लाइट को शनिवार को बम की धमकी मिलने के बाद उसका मार्ग परिवर्तित कर सऊदी अरब के रियाद शहर में सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को गंतव्य तक ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही। कई बाहरी कारणों से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हो रही तो कुछ को रद करना पड़ता है।
-1750609766019.webp)
एअर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग। (फाइल फोटो)
पीटीआई, नई दिल्ली। बर्मिंघम से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट को शनिवार को बम की धमकी मिलने के बाद उसका मार्ग परिवर्तित कर सऊदी अरब के रियाद शहर में सुरक्षित उतारा गया।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने रविवार को एक बयान में कहा कि यात्रियों को रियाद से उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। एयरलाइन ने परिचालन स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अपनी उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से कम कर दिया है।
बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली उड़ान को मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
एअर इंडिया ने कहा कि 21 जून को बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली उड़ान संख्या एआइ114 को बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद उसे रियाद की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसे सुरक्षित तरीके से उतारा गया और सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई। सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया और उनके होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है।
एयरलाइन ने बताया कि 12 जून को अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बाद उसने स्वैच्छिक रूप से उड़ानों से पहले सुरक्षा जांच को बढ़ाया है और संचालन की स्थिरता बनाए रखने के लिए अस्थायी रूप से कुछ सेवाएं घटाई गई हैं।
एअरलाइन ने बताया कि क्यों हो रही उड़ानों में देरी
एयरलाइन ने कहा कि पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद रहने, यूरोप और पूर्वी एशिया के कई हवाई अड्डों पर रात में कर्फ्यू लागू होने, हवाई यातायात में भीड़ और कुछ अप्रत्याशित परिचालन समस्याओं जैसे बाहरी कारकों के कारण कुछ उड़ानों में देरी होती है या उन्हें रद भी करना पड़ता है।'एयरलाइन ने यह भी बताया कि कभी-कभी कुछ चुनौतियों के कारण अंतिम समय में व्यवधान उत्पन्न हो जाते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।