Navi Mumbai Airport: टेक ऑफ करने के तैयार नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिसंबर 2024 तक शुरू हो जाएंगी सेवाएं
Navi Mumbai International Airport नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले साल 2024 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। इसे चार चरणों में तैयार किया जा रहा है जिसमें से दो चरण अगले साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएंगे। (फोटो-सोशल मीडिया)

मुंबई, एजेंसी। Navi Mumbai International Airport: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले साल 2024 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत में किसी शहर के लिए पहला मल्टी एयरपोर्ट सिस्टम होगा। वहीं, इस एयरपोर्ट की खास बात यह है कि इसका डिजाइन राष्ट्रीय पुष्प कमल से प्रेरित है। इस एयरपोर्ट को उच्च हवाई यातायात की मांग को ध्यान में रखते हुए बनाया जा रहा है।
चार चरणों में तैयार किया जाएगा एयरपोर्ट
यह एयरपोर्ट नवी मुंबई में उल्वे में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के केंद्र में स्थित होगा। इस नए एयरपोर्ट का निर्माण और प्रबंधन भारत के सबसे बड़े हवाईअड्डा संचालकों में से एक अदाणी एयरपोर्ट्स द्वारा किया जा रहा है। इसे चार चरणों में तैयार किया गया है। हवाई अड्डे को दुनिया में सबसे अधिक ऊर्जा कुशल और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ बनाने की योजना है।
बड़े पैमाने पर होगा सोलर पावर का उपयोग
स्टेशन पर उपयोग किए जाने वाली सभी गाड़ियां इलेक्ट्रिक होंगे और पूरे हवाई अड्डे पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। परियोजना का प्रबंधन करने वाले समूह ने एक बयान में कहा, यह एयरपोर्ट बड़े पैमाने पर सोलर पावर का भी उपयोग करेगा। टर्मिनल का डिजाइन भारत के राष्ट्रीय फूल कमल से प्रेरित है।
दिसंबर 2024 तक दो चरणों का काम होगा पूरा
पहले दो चरण दिसंबर 2024 तक पूरे हो जाएंगे। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) 1160 हेक्टेयर क्षेत्र में बनाया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कल डिप्टी देवेंद्र फडणवीस के साथ साइट पर चल रहे काम की समीक्षा की। दोनों नेताओं को अडानी समूह के प्रतिनिधियों द्वारा हवाई अड्डे की विशेषताओं के बारे में सभी जानकारी दी गई।
एमटीएचएल से जुड़ा होगा एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया हवाईअड्डा न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि इससे मुंबई हवाईअड्डे पर बोझ कम होगा। नए नवी मुंबई हवाई अड्डे और मुंबई हवाई अड्डे के बीच की दूरी 40 किमी से कम होगी। हवाईअड्डा 22 किलोमीटर के मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) से जुड़ा होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।