Mumbai: रेत में सोने होने का झांसा देकर चार्टर्ड अकाउंटेंट से 30 लाख की ठगी, संपर्क बढ़ाकर बनाया शिकार
मुंबई का एक चार्टर्ड अकाउंटेंट रेत में सोने की डस्ट होने का दावा करने वाले ठग का शिकार हो गया। पुलिस ने बताया कि उसने ठग से 50 किलोग्राम रेत खरीदने के लिए 30 लाख रु का भुगतान भी कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता मुंबई के कांदिवली का रहने वाला है। पीड़ित ने कहा कि ट्रेन से जयपुर की यात्रा करते समय उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई।

जेएनएन, मुंबई। मुंबई का एक चार्टर्ड अकाउंटेंट रेत में सोने की डस्ट होने का दावा करने वाले ठग का शिकार हो गया। ठग ने उसे भरोसा दिलाया था कि रेत में सोने का डस्ट है। ठग ने उसे भरोसे में लेने के लिए पहले जांच के लिए इसका सैंपल पेश कर अपने दावे को साबित किया। जब चार्टर्ड अकाउंटेंट पूरी तरह से आश्वस्त हो गया तो उसने एक लाख रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सौदा तय कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उसने ठग से 50 किलोग्राम रेत खरीदने के लिए 30 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता मुंबई के कांदिवली का रहने वाला है। पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़ित ने कहा है कि विगत मई माह में ट्रेन से जयपुर की यात्रा करते समय उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। उसने स्वयं को हरियाणा निवासी मोहन चौधरी बताया। दोनों के बीच मोबाइल नंबर का अदान-प्रदान हो गया। दोनों एक दूसरे के संपर्क में रहने लगे।
चार्टर्ड अकाउंटेंट से मिलने मुंबई आया आरोपी
विगत माह चौधरी अपने एक सहयोगी के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट से मिलने मुंबई आया। वह अपने साथ अनाज, देसी घी और पनीर लेकर आया था। इसके बाद दोनों एक दूसरे के और नजदीक आ गए।
बातचीत के दौरान चौधरी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट को अपने गांव में पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि महिला के पति ने बांग्लादेश सीमा पर भारतीय सेना में अपनी सेवा दी थी। वह वहां से एक विशेष तरह की रेत लेकर आए थे, जिसे गर्म करने पर सोना निकलता है। उसके रिश्तेदारों ने थोड़ी रेत को गर्म कर सोना निकाला था और आभूषण बनवाए थे।
CA को दिलाया भरोसा
हालांकि, जब उसने अपने हिस्से का सोना मांगा तो रिश्तेदारों ने उसे कुछ भी नहीं दिया। इसलिए, उसे अब अपने रिश्तेदारों पर भरोसा नहीं रहा। अब वह अपनी दो बेटियों की शादी के लिए बची हुई रेत को बेचने में मेरी सहायता चाहती है। चौधरी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट को भरोसे में लेने के लिए उसके सामने ही रेत को गर्म कर उसमें से सोना निकाला। एक अधिकारी ने कहा कि इसके बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट ने बोरिवली में एक आभूषण की दुकान पर रेत से निकले सोने की जांच भी कराई।
50 लाख में हुआ सौदा
चार नवंबर को चौधरी अपने साथी के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर आया। उसने कहा कि जिस महिला के पास रेत है, वह अस्वस्थ है और कल्याण में अपने भाई के साथ रह रही है। चार्टर्ड अकाउंटेंट चौधरी के साथ उसके आवास पर मिलने गया। वहां, उसे चमत्कारी रेत को दिखाया गया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने चार्टर्ड अकाउंटेंट से वहां उपलब्ध रेत के बदले में 2.5 करोड़ रुपये देने अनुरोध किया।
अंतत: सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ। चार्टर्ड अकाउंटेंट ने 30 लाख रुपये दे भी दिए। उस रात चार्टर्ड अकाउंटेंट और उसके परिवार ने रेत को गर्म कर उसमें से सोना निकालने का प्रयास किया। कई घंटे तक गर्म करने के बाद भी रेत से सोना नहीं निकला। जब उन्होंने चौधरी से संपर्क किया और उसे स्थिति की जानकारी दी तो उसने अगले दिन आने का वादा किया। अगले दिन चौधरी का फोन बंद मिला। इसके बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।