Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नीतेश राणे के बयान पर बवाल: राहुल-प्रियंका जीते तो केरल को बताया 'मिनी पाकिस्तान', अब कांग्रेस ने भी सवाल दागे

    Updated: Mon, 30 Dec 2024 07:09 PM (IST)

    महाराष्ट्र के मंत्री नीतेश राणे ने एक विवादित टिप्पणी में केरल की तुलना ‘मिनी पाकिस्तान’ से की है। राणे ने कहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी इसी कारण वहां से चुनकर आते हैं। नीतेश के इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से नीतेश को मंत्री बनाए जाने पर सवाल खड़ा किया है।

    Hero Image
    कार्यक्रम को संबोधित करते मंत्री नीतेश राणे। ( फोटो- X- @NiteshNRane)

    राज्य ब्यूरो, पुणे। महाराष्ट्र के मंत्री नीतेश राणे ने एक विवादित टिप्पणी में केरल की तुलना ‘मिनी पाकिस्तान’ से की है। राणे ने कहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी इसी कारण वहां से चुनकर आते हैं। नीतेश के इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से नीतेश को मंत्री बनाए जाने पर सवाल खड़ा किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रैली में और क्या बोले राणे?

    पुणे जिले के पुरंदर तालुका में एक रैली को संबोधित करते हुए राणे ने कहा कि केरल छोटा पाकिस्तान है, इसीलिए राहुल गांधी और उनकी बहन वहां से चुने जाते हैं। सभी आतंकवादी उन्हें वोट देते हैं। वे आतंकवादियों को अपने साथ लेकर सांसद बने हैं।

    महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के पुत्र नीतेश राणे ‘शिव प्रताप दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। यह उस ऐतिहासिक घटना की वर्षगांठ है जब छत्रपति शिवाजी महाराज ने अफजल खान का वध किया था।

    दोबारा जीती कणकवली सीट

    नीतेश राणे ने हाल के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कोंकण क्षेत्र की कणकवली सीट से दोबारा जीत हासिल की है। नए मंत्रिमंडल में राणे को मत्स्य पालन और बंदरगाह मामलों का मंत्री बनाया गया है।

    क्या मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार होना चाहिए: कांग्रेस

    नीतेश राणे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए राणे के मंत्रिमंडल में बने रहने के औचित्य पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नीतेश राणे से और क्या उम्मीद की जा सकती है? उन्हें इसी काम के लिए चुना गया है।

    कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस से पूछना चाहता हूं कि जिस व्यक्ति ने संविधान की शपथ लेकर भारत की संप्रभुता और एकता को बनाए रखने की शपथ ली है। अब वह देश के एक राज्य को पाकिस्तान बता रहा है। वहां के मतदाताओं को आतंकवादी कह रहा है। क्या उसे मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार होना चाहिए ?

    बयान पर बोले राणे- हमने तथ्यों पर बात की

    अपने बयान पर बाद में नीतेश राणे ने कहा कि केरल हमारे देश का अभिन्न अंग है। हिंदुओं की घटती आबादी ऐसी चीज है, जिसकी चिंता सभी को करनी चाहिए। हिंदुओं का ईसाई और मुस्लिम बनना वहां आम बात हो गई है। लव जिहाद के मामले भी वहां बढ़ रहे हैं।

    राणे ने कहा कि मैं केरल की तुलना पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ किए जाने वाले व्यवहार से कर रहा था। अगर केरल में भी ऐसी ही स्थिति पैदा होती है तो हमें इस बारे में सोचना होगा। हम चाहते हैं कि हमारा हिंदू राष्ट्र हिंदू राष्ट्र बना रहे और हिंदुओं की हर तरह से रक्षा की जाए। मैं सिर्फ तथ्य बता रहा था ताकि सभी को पता चले कि स्थिति क्या है? मैंने जो कुछ भी कहा है, वह तथ्यों पर आधारित है। विपक्ष और कांग्रेस को मुझे गलत साबित करने दीजिए।

    यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में भीषण शीत लहर का अलर्ट, 4 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ बिगाड़ेगा मौसम; इन राज्यों के लिए बड़ी चेतावनी

    यह भी पढ़ें: 'मैं लोगों की चौकीदार हूं', विरोध प्रदर्शनों के बाद पहली बार संदेशखाली पहुंचीं ममता, भाजपा पर साधा निशाना