यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maharashtra Elections 2024: 'बंटेंगे तो कटेंगे,' इस नारे के साथ मुंबई में लगे CM योगी के पोस्टर, आखिर क्या है प्लान?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को मुंबई के विभिन्न हिस्सों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो मुंबई, 22 अक्टूबरः महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को मुंबई के विभिन्न हिस्सों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर के साथ ‘बटेंगे तो कटेंगे’ का नारा सुर्खियां बटोर रहा है। मुंबई में ये पोस्टर लगवाने वाले भाजपा नेता विश्वबंधु राय इन पोस्टरों के पीछे का उद्देश्य समझाते हुए कहते हैं कि विपक्ष राजनीतिक चालें चल रहा है और हमने उसका जवाब दिया है।
उत्तर भारत के लोग योगी और उनके नारे 'बंटेंगे तो कटेंगे' पर विश्वास करते हैं। इसलिए हमने महाराष्ट्र में भी विपक्ष की चालों का जवाब देना शुरू कर दिया है। राय ने कहा कि हरियाणा में आपने देखा है कि कैसे लोगों ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया है।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया बयान
अब महाराष्ट्र के लोग भी ऐसा ही करेंगे। राय कहते हैं कि हाल के लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार से वोट जिहाद हुआ, उसका विवरण विस्तार से उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने एक बयान में दे चुके हैं। अब विधानसभा चुनाव में भी विपक्ष उसी प्रकार के वोट जिहाद की तैयारी कर रहा है।
ऐसी परिस्थिति में महाराष्ट्रवासियों को एकजुट होकर देश और प्रदेश को सुरक्षित रख पानेवाली सरकार चुनना चाहिए। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का नारा कुछ समय पहले अपनी कानपुर की सभा में दिया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभाओं की भारी मांग देखी
उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक भी इसी से मिलते-जुलते शब्दों में देशवासियों को अपना संदेश दे चुके हैं। अब महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभाओं की भारी मांग देखी जा रही है। खासतौर से मुंबई, ठाणे, नासिक एवं नागपुर के हिंदीभाषी क्षेत्रों में। लेकिन उनके आने से पहले ही उनका यह नारा मुंबई में सुर्खियां बटोरने लगा है।
