विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maharashtra Assembly Election: भाजपा ने जारी की 25 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, फडणवीस के निजी सहयोगी को मिला टिकट

Published: Tue, 29 Oct 2024 02:41 AM (IST)Updated: Tue, 29 Oct 2024 03:02 AM (IST)

Maharashtra Election 2024 महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को चुनाव है। सभी दलों ने चुनाव में ...और पढ़ें

Maharashtra Election 2024: भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची।
Maharashtra Election 2024: भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची।

HighLights

  1. कांग्रेस छोड़कर आने वाले दो नेताओं को बनाया प्रत्याशी।
  2. भाजपा ने शिवराज पाटिल की पुत्रवधू को चुनाव में उतारा।
  3. अशोक चव्हाण के करीबी अंतापुरकर को भी मिला टिकट।

पीटीआई, मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दो नेताओं और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निजी सहायक को टिकट दिया गया है। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए भाजपा अब तक 146 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

अशोक चव्हाण के करीबी को टिकट

जारी सूची के अनुसार, अंतापुरकर को डेगलुर से टिकट दिया गया है। उन्होंने 2021 में कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव जीता था। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का करीबी माना जाता है। चव्हाण हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल की पुत्रवधू अर्चना पाटिल चाकुरकर को लातूर शहर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

आर्वी से सुमित वानखेड़े लड़ेंगे चुनाव

कई वर्षों तक फडणवीस के निजी सहायक के रूप में काम करने वाले सुमित वानखेड़े आर्वी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रंजीत देशमुख के बेटे आशीष देशमुख को नागपुर जिले के सावनेर से टिकट दिया गया है।

सुनील राणे का कटा टिकट

बोरीवली से भाजपा विधायक सुनील राणे की जगह संजय उपाध्याय को टिकट दिया गया है। विधान पार्षद प्रवीण दटके को नागपुर मध्य सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मौजूदा विधायक भारती लावेकर को महानगर के पश्चिमी हिस्से में वर्सोवा सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा महायुति का हिस्सा

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2014 में भाजपा ने 122 विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं पिछले चुनाव यानी 2019 में पार्टी ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार वह सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति से चुनाव मैदान में है। इस गठबंधन में भाजपा के अलावा शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और अजित पवार की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल है।

महा विकास अघाड़ी से मुकाबला

प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर एक साथ 20 नवंबर को मतदान होगा। तीन दिन बाद यानी 23 नवंबर को मतगणना होगी। महायुति का मुकाबला विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी से है। इस गठबंधन में शरद पवार की नेतृत्व वाली एनसीपी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस शामिल है। 2014 में शिवसेना ने 63, कांग्रेस ने 42 और एनसीपी ने 41 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। 2019 में शिवसेना 56, एनसीपी 54 और कांग्रेस ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

यह भी पढ़ें: शिवसेना ने जारी की 15 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, भाजपा नेता शाइना एनसी को मुंबादेवी से टिकट

यह भी पढ़ें: सीएम एकनाथ शिंदे से अधिक अमीर हैं अजित पवार, पढ़ें पांच साल में कितनी बढ़ी दोनों की संपत्ति