Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    शिवसेना ने जारी की 15 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, भाजपा नेता शाइना एनसी को मुंबादेवी से टिकट

    Updated: Tue, 29 Oct 2024 02:32 AM (IST)

    Maharashtra Elections 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 15 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसके बाद कांग्रेस ...और पढ़ें

    शिवसेना ने जारी की तीसरी लिस्ट। (फाइल फोटो)

    एजेंसी, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ शिवसेना ने सोमवार रात 15 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। इसमें भाजपा की प्रवक्ता शाइना एनसी का नाम भी शामिल है। शिवसेना प्रमुख एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस सूची की घोषणा की। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे की बेटी संजना जाधव का नाम शामिल है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कन्नड़ से संजना जाधव मैदान में

    शाइना मुंबई की मुंबादेवी सीट से चुनाव लड़ेंगी। जाधव औरंगाबाद जिले के कन्नड़ (छत्रपति संभाजीनगर जिला) से चुनाव लड़ेंगी। इस सीट का प्रतिनिधित्व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना के उदय सिंह राजपूत कर रहे हैं। पंद्रह में से दो सीट भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के क्षेत्रीय सहयोगियों जनसुराज्य पक्ष और राजर्षि शाहू विकास आघाड़ी को दी गई।

    शिरोल से चुनाव लड़ेंगे राजेंद्र पाटिल

    जनसुराज्य पक्ष ने अपने सदस्य अशोकराव माने को हातकणंगले से मैदान में उतारा है, जबकि राजर्षि शाहू विकास आघाड़ी ने शिरोल से राजेंद्र पाटिल येद्रवकर को टिकट दिया है। दोनों सीट कोल्हापुर जिले में हैं। शिवसेना ने नामांकन बंद होने से एक दिन पहले तीसरी सूची जारी की। शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी सत्तारूढ़ महायुति का एक घटक है। इसमें भाजपा और उप मुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा भी शामिल है।

    शरद पवार की राकांपा ने की सात और उम्मीदवारों की घोषणा

    राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सात और उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के स्थान पर उनके बेटे सलिल देशमुख को उम्मीदवार बनाया गया है। इस चौथी सूची के साथ शरद पवार की पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की संख्या 83 हो गई है।

    सात नए नामों की घोषणा नामांकन दाखिल करने की समय सीमा समाप्त होने से एक दिन पहले की गई। सलिल देशमुख का मुकाबला भाजपा के चरण सिंह ठाकुर से होगा। अन्य प्रत्याशियों में पूर्व विधान पार्षद प्रभाकर घरगे, अरुणादेवी पिसल, वैभव पाटिल, शरद मैंद, संदीप बेडसे और रमेश थोराट शामिल हैं।

    कांग्रेस ने चार प्रत्याशी किए घोषित

    सोमवार को कांग्रेस ने झारंखड की दो विधानसभा और महाराराष्ट्र की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया है। महाराष्ट्र की अकोला पश्चिम से साजिद खान मन्नान खान को प्रत्याशी बनाया गया है। कोलाबा से दीरा देवासी चुनाव लड़ेंगे। सोलापुर सिटी सेंट्रल विधानसभा सीट से चेतन नरोटे मैदान में होंगे। कोल्हापुर उत्तर सीट पर राजेश भारत लटकर के स्थान पर मधुरिमाराजे मालोजीराजे छत्रपति को उतारा गया है। रविवार को कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों का एलान किया था। झारखंड के बोकारो से श्वेता सिंह और धनबाद से अजय दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है।

    (कांग्रेस ने जारी की सूची)