MP BJP: जनवरी में मप्र भाजपा को मिल सकता नया अध्यक्ष, रेस में कुलस्ते व खंडेलवाल समेत ये चेहरे
MP BJP मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की कवायद तेज हो गई। जनवरी महीने में नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की उम्मीद है। पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते समेत कई चेहरे रेस में हैं। पांच जनवरी तक जिला अध्यक्षों का चुनाव होगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष को चुना जाएगा। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा को जनवरी में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी के संगठन चुनाव के तीसरे चरण में पांच जनवरी तक जिलाध्यक्षों का चुनाव करने का निर्णय किया गया है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। फिलहाल पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष को लेकर किसी प्रकार के पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन माना जा रहा है कि नया अध्यक्ष सामान्य, आदिवासी या महिला वर्ग के बीच से चुना जा सकता है।
विष्णु दत्त शर्मा का कार्यकाल हो रहा पूरा
मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के कार्यकाल को पांच वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश भाजपा को विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता मिली और लोकसभा चुनाव में भी पहली बार सभी 29 सीटों पर विजय हासिल हुई। जिलाध्यक्ष चुनाव की रायशुमारी पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया की कवायद भी आरंभ हो गई है।
कुलस्ते का नाम भी चर्चा में
पार्टी सूत्रों के अनुसार विष्णु दत्त को अब प्रदेश की जगह केंद्रीय संगठन में स्थान दिए जाने की चर्चा चल रही है। इसी तरह मध्य प्रदेश के नए अध्यक्ष को लेकर आदिवासी वर्ग से फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम चर्चा में है। कुलस्ते को मोदी कैबिनेट में मंत्री नहीं बनाया गया है। इसीलिए संभावना है कि मप्र में अध्यक्ष बनाकर उनको समायोजित किया जा सकता है। इसकी कई अन्य वजह भी हैं। प्रदेश में आदिवासी वर्ग की भूमिका सरकार बनाने में अहम होती है। यह वर्ग 2018 से भाजपा के साथ पूरी तरह नहीं है। झारखंड के आदिवासी वर्ग ने भी भाजपा का साथ नहीं दिया।
रेस में यह चेहरे भी
ओबीसी मुख्यमंत्री होने के कारण सामान्य वर्ग का अध्यक्ष बनाए जाने की भी अटकलें तेज हैं। अगर इस वर्ग की बात करें तो हेमंत खंडेलवाल, डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम है। हेमंत खंडेलवाल का नाम संगठन के कुछ लोगों द्वारा आगे बढ़ाया गया है। वे लंबे समय से संगठन में काम कर रहे हैं।
इधर, डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी प्रदेश अध्यक्ष का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। पार्टी ने उन्हें महाराष्ट्र चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी दी थी। कई अन्य राज्यों में भी वे चुनाव प्रबंधन में लगाए गए थे। फिलहाल उनके पास कोई अन्य जिम्मेदारी नहीं है। इसलिए सामान्य वर्ग से मिश्रा को वजनदार दावेदार माना जा रहा है।
अरविंद भदौरिया के नाम की भी अटकलें
महिला अध्यक्ष बनाए जाने की भी बात चल रही है, ऐसे में कविता पाटीदार या सुमित्रा वाल्मीकि का नाम चार्चा में है। पार्टी नेताओं का मानना है कि पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया को भी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। भदौरिया को भी राष्ट्रीय स्तर पर कुछ नेताओं का समर्थन प्राप्त है। क्षत्रिय अध्यक्ष बनाए जाने की लाइन आगे बढ़ती है तो भदौरिया की दावेदारी मजबूत हो सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।