10 महीने पहले महिला को मारा, फ्रीज में रखा शव... स्विच ऑन करके चला गया किरायेदार; अब ऐसे खुला हत्या का राज
मध्य प्रदेश के देवास में महिला का शव फ्रीज में मिलने से हड़कंप मच गया। पिछले साल मार्च में महिला की हत्या की गई थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को फ्रीज में रखने के बाद मकान को खाली कर दिया था। मगर जाने से पहले उसने फ्रीज का स्विच ऑन कर दिया था। तापमान को न्यूनतम पर सेट कर दिया था।

जेएनएन, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का शव फ्रीज में मिला है। महिला की हत्या 10 महीने पहले की गई थी। पुलिस ने मामला प्रकाश में आने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना देवास बाईपास स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी की है।
जानकारी के मुताबिक महिला और आरोपी पांच साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। महिला शख्स पर शादी का दवाब बना रही थी। इसी से परेशान होकर युवक ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर महिला की हत्या की। इसके बाद शव को फ्रीज में बंद करके भाग निकले।
महिला की पहचान पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति के तौर पर हुई है। वह संजय पाटीदार के साथ जून 2023 से वृंदावन कालोनी में इंदौर के रहने वाले धीरेंद्र श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहती थी।
ताला तोड़कर खाली किए कमरे
पिछले साल जून महीने में संजय ने मकान खाली कर दिया। मगर मास्टर बेडरूम और स्टडी रूम को खाली नहीं किया। इन दोनों रूमों में ताला लगाकर वह चला गया। बाद में मकान मालिक ने बलवीर सिंह को घर किराये पर दे दिया। उसके बाद भी लंबे समय तक संजय कमरे खाली करने नहीं पहुंचा। इसके बाद धीरेंद्र ने किरायेदार से ताला तोड़कर संजय के सामान को बाहर रखने को कहा।
दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचित किया
बलवीर सिंह ने गुरुवार को कमरों का ताला तोड़ा। वहां उन्हें एक फ्रीज दिखी। उसका स्विच ऑन था। बलवीर ने स्विच बंद कर दिया। शुक्रवार सुबह घर में बदबू आने लगी। किरायेदार बलवीर सिंह ने पुलिस और मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।
फ्रीज खोलते ही उड़े होश
सूचना मिलने के बाद घर पहुंची पुलिस ने जब फ्रीज खोला तो होश उड़ गए। उसके अंदर महिला का शव था। पुलिस ने पिछले किरायेदार संजय पादीदार पर हत्या का शक जताया। एसपी पुनीत गेहलोद के मुताबिक आरोपी उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र मोलाना गांव का रहने वाला है। बीएनपी थाने की पुलिस ने तत्परता दिखा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बदबू न आए... इसलिए स्विच ऑन करके गया आरोपी
एसपी गेहलोद ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि संजय ने अपने साथी विनोद दवे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि पिछले साल मार्च महीने में हत्या की गई थी। आरोपी ने शव को फ्रीज में रखने के बाद तापमान को न्यूनतम पर सेट कर दिया।
फ्रीज के बाहर कपड़ा बांधा और ऊपर अन्य सामान भी रख दिया। शव से बदबू न आए... इसलिए उसने स्विच ऑन कर दिया। पुलिस के मुताबिक शव जमा हुआ था। इस वजह से वह खराब नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: 'मैं भी आम इंसान हूं, भगवान नहीं; मुझसे भी गलतियां हुईं' सोशल मीडिया की ताकत को लेकर क्या बोले PM मोदी
यह भी पढ़ें: '16 साल से कम उम्र के निहत्थे किशोरों को भी नहीं छोड़ा', अफगानिस्तान में ब्रिटिश सेना पर लगे युद्ध अपराध के आरोप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।