'मस्जिदों के सामने से जुलूस निकालने की क्यों दी जाती इजाजत', मुर्शिदाबाद हिंसा पर दिग्विजय सिंह का अलग ही तर्क
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि नफरत फैलाने और दंगे कराने वाले संगठनों को क्यों मस्जिदों के सामने से जुलूस निकालने की इजाजत दी जाती है? यह इजाजत नहीं देनी चाहिए। आज सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन नहीं हो रहा है। अगर ईमानदारी के साथ सरकार सुप्रीम कोर्ट की सभी गाइडलाइंस का पालन करे तो दंगे नहीं होंगे।

एएनआई, इंदौर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा पर अलग ही तर्क दिया है। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने और दंगे कराने वाले संगठनों को डीजे लगाकर मस्जिदों के सामने जुलूस निकालने की इजाजत क्यों दी जाती है? प्रशासन इसकी मंजूरी क्यों देता है? इसकी मंजूरी नहीं देनी चाहिए।
'नफरत फैलाती है डबल इंजन की सरकार'
उन्होंने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन नहीं किया जा रहा है। मैंने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन कराने के लिए हाई कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की है। तीन साल से इसकी तारीख नहीं मिली है। अगर ईमानदारी के साथ सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन किया जाए तो कहीं दंगे-फसाद नहीं होंगे। मगर ये डबल इंजन सरकार की नफरत फैलाकर दंगे-फसाद करने की मानसिकता है।
अब लोगों को समझ आने लगा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब लोगों को धीरे-धीरे बात समझ में आ रही है कि भाजपा और संघ का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। दंगे-फसाद कराकर नफरत फैलाना और उसके आधार पर राजनीतिक रोटियां सेंकना ही उनका धर्म है।
मुर्शिदाबाद में 200 से अधिक लोग गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन कानून के विरोध में हिंसा भड़की है। पुलिस ने अब तक 200 से अधिक लोगों को पकड़ा है। हिंसा के दौरान मुर्शिदाबाद में हिंदुओं को निशाना बनाया गया। अब तक लगभग 500 परिवारों ने यहां से पलायन किया है। इन सभी ने पड़ोसी जिले मालदा के एक सरकारी स्कूल में शरण ले रखी है।
सामान्य होने लगी स्थिति
पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम ने कहा कि 200 से अधिक लोगों को पकड़ा गया है। वहीं मुर्शिदाबाद और मालदा जिलों के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अब स्थिति सामान्य है। यहां लगातार मार्च किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। स्थिति सामान्य होने के कारण दुकानें खुलने लगी हैं।
यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम भाइयों को पंक्चर नहीं बनाना पड़ता...', वक्फ संपत्ति का जिक्र कर पीएम मोदी ने ऐसा क्यों कहा?
यह भी पढ़ें: यूपी में वक्फ संशोधन बिल पर गरमाई सियासत, योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री बोले- मुस्लिमों को नोटिस देना गलत
#WATCH इंदौर, मध्य प्रदेश: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) की घटना पर कहा, "नफरत फैलाने और दंगे कराने वाले संगठनों को क्यों DJ चलाकर मस्जिदों के सामने से जुलूस निकालने की इजाजत दी जाती है? यह इजाजत नहीं देनी चाहिए। आज सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइंस का पालन… pic.twitter.com/5uHsu4hXj2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 14, 2025
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।