जियारत को खुली पिरान कलियर दरगाह, इन नियमों का करना होगा पालन

पिरान कलियर दरगाह के दरवाजे जियारत के लिए खोल दिए गए हैं। लॉकडाउन की घोषणा के बाद 20 मार्च को दरगाह पर ताला लगाया गया था।

By Edited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 07:08 PM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 09:00 PM (IST)
जियारत को खुली पिरान कलियर दरगाह, इन नियमों का करना होगा पालन
जियारत को खुली पिरान कलियर दरगाह, इन नियमों का करना होगा पालन

कलियर(हरिद्वार), जेएनएन। पिरान कलियर दरगाह के दरवाजे जियारत के लिए खोल दिए गए हैं। लॉकडाउन की घोषणा के बाद 20 मार्च को दरगाह पर ताला लगाया गया था, इसे साढ़े चार माह बाद खोला गया। वहीं, दरगाह के आधा दर्जन तालों की चाबियां गुम हो जाने के चलते ताले तोड़ने पड़े। इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल और सज्जादा नशीं शाह मंसूर एजाज साबरी ने संयुक्त रूप से दरगाह के दरवाजे खोले। जियारत शुरू होने के बाद दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे, जिन्हें कोविड-19 गाइडलाइन के तहत जियारत कराई गई। 

वक्फ बोर्ड की ओर से पिरान कलियर दरगाह खोलने के निर्देश मिलने के बाद तीन दिन से इसे लेकर तैयारियां चल रही थी। शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद दरगाह के दरवाजे खोले जाने थे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (जेएम) नमामि बंसल शुक्रवार सुबह ही दरगाह पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। जैसे ही जुमे की नमाज के बाद दरगाह के दरवाजे खुले करीब आधा किमी लंबी कतार लग गई। इसके बाद नियमों का पालन कराते हुए जायरीन को जियारत कराई गई। जेएम ने सभी कर्मियों को ड्यूटी पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। 
इन नियमों का करना होगा पालन 
जायरीन मास्क लगाकर शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए जियारत करेंगे।  एक बार में छह जायरीन ही कर सकेंगे जियारत। दरगाह के सभी प्रवेश द्वारों पर होगी सैनिटाइजर की व्यवस्था।दरगाह परिसर दिन में तीन बार होगा सैनिटाइज।  एक गेट से प्रवेश कर दूसरे गेट से बाहर निकलेंगे जायरीन।
तैयारियों की खुली पोल 
बीते तीन दिनों से दरगाह खोलने की तैयारियां की जा रही थी। बावजूद इसके जब दरगाह के दरवाजे खोलने का वक्त आया तो आधा दर्जन तालों की चाबियां गुम मिली। चाबियों की जिम्मेदारी दरगाह प्रबंधन के पास होती है। काफी तलाश के बाद भी चाबियां नहीं मिली। आखिरकार मजबूरन ताले तोड़ने पड़े। इस पर जेएम ने नाराजगी जताई है। मामले में दरगाह प्रबंधक परवेज आलम का कहना है कि दरगाह की चाबियां गुम हो गई हैं। इसके बाद दरवाजों पर नए ताले लगाए गए हैं। 
दरगाह में लौटी चहल-पहल 
दरगाह खुलने की खबर मिलने पर दूर-दराज के जायरीन बीते तीन दिन से कलियर में डेरा जमाए हुए हैं। इससे कलियर में चहल-पहल लौट आई है। वहीं शुक्रवार को दरगाह को लाइट से सजाया गया। इसके अलावा कई दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें खोली। हालांकि सभी एडवाइजरी का पालन करते नजर आए।
chat bot
आपका साथी