Move to Jagran APP

Heat Wave Alert: अब रात में भी चलेगी लू, भीषण गर्मी से झुलस रहे जम्मू-कश्मीर के पहाड़ व मैदान; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Heat Wave Alert पिछले एक सप्ताह से पंजाब में चल रही लू के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। अब रात में भी लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार छह जिलों में रात का तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चंडीगढ़ व मोहाली में रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में बठिंडा लगातार चौथे दिन सबसे गर्म रहा।

By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Published: Wed, 22 May 2024 11:47 PM (IST)Updated: Wed, 22 May 2024 11:47 PM (IST)
Heat Wave Alert: अब रात में भी चलेगी लू, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट (File Photo)

Heat Wave Alert: जागरण टीम, नई दिल्ली। बुधवार को भी गर्मी के तेवर तीखे रहे। हरियाणा का हिसार 47.8 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे अधिक गर्म शहर रहा। राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 46.8, जैसलमेर में 45.7 दर्ज किया गया। नारनौल, हिसार, बठिंडा में भी तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराने लगा

भीषण गर्मी के मैदानी राज्य तो तप ही रहे हैं, पहाड़ भी इससे अछूते नहीं है। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है। जलशक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में 478 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। विभाग ने गर्मियों के दिनों में फील्ड स्टाफ की छुट्टियों को रद कर दिया है। यदि कहीं पर पानी की कमी होगी तो टैंकरों से सप्लाई की जाएगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लू चलने जैसी स्थिति हैं।

28 मई तक मौसम शुष्क बना रहेगा

शिमला व समीपवर्ती क्षेत्रों में तीसरे दिन भी कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली। जम्मू कश्मीर में भी पहाड़ और मैदान भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। जम्मू संभाग में बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। कश्मीर के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर चल रहा है। मौसम विभाग ने 28 मई तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है।

कुछ क्षेत्रों में जोरदार वर्षा

जम्मू जिला मजिस्ट्रेट ने बढ़ते तापमान को देख नागरिकों से घर से बाहर जाने से बचने की अपील की। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में दोपहर बाद वर्षा होने से मैदान में भी गर्मी से कुछ राहत मिली है। पौड़ी, उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और देहरादून के कुछ क्षेत्रों में जोरदार वर्षा हुई।

रात में भी चलेगी लू, रेड अलर्ट जारी

पिछले एक सप्ताह से पंजाब में चल रही लू के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। अब रात में भी लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, छह जिलों में रात का तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। चंडीगढ़ व मोहाली में रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में बठिंडा लगातार चौथे दिन सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था।

तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार

मौसम विभाग चंडीगढ़ ने दिन के साथ-साथ अब रात में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। इसका अर्थ यह है कि रात में सामान्य से बहुत ज्यादा गर्मी पड़ेगी। रात का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। कई जिलों में दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है। उधर, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर रात का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा, तो यह फसलों के लिए काफी नुकसानदायक साबित होगा।

यह भी पढ़ें: Heat Wave Alert: भारत में क्यों पड़ रही अधिक गर्मी? क्या है हीटवेव का रिकॉर्ड टाइम; जानिए कहां होगी बारिश


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.