जिले में तीन बड़ी परियोजनाओं से होगा चौतरफा लाभ : सत्ती

राज्य छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना के लिए तीन बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत करने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 06:23 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 06:23 PM (IST)
जिले में तीन बड़ी परियोजनाओं से होगा चौतरफा लाभ : सत्ती
जिले में तीन बड़ी परियोजनाओं से होगा चौतरफा लाभ : सत्ती

संवाद सहयोगी, ऊना : राज्य छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना के लिए तीन बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत करने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ऊना में 700 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख परियोजनाओं की स्वीकृति का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को जाता है।

रविवार को यहां जारी बयान में सत्ती ने कहा कि ऊना में अनाज आधारित इथेनाल प्लांट, भारत पेट्रोलियम का टर्मिनल व रेल-फैड पीओएल टर्मिनल को स्वीकृति प्रदान की गई है। इथेनाल का प्लांट भारत पेट्रोलियम कंपनी लगाएगी जिसके तहत टर्मिनल भी बनना तय हुआ है। इसके लिए ऊना में करीब 700 कनाल भूमि की आवश्यकता होगी। इथेनाल प्लांट ऊना में स्थापित होने से अन्य जिलों के अलावा पंजाब के निकटवर्ती जिलों को भी फायदा होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इथेनाल बनने से प्रदूषण में कमी आएगी तथा इससे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी। रेल-फैड पीओएल टर्मिनल स्थापित होने से किसानों-बागवानों को अपनी फल-सब्जियां तथा व्यापारियों को अपना सामान देश के प्रमुख शहरों में ले जाने व लाने में सुविधा होगी तथा लागत भी घटेगी।

500 करोड़ की लागत से पेखूबेला में इंडियन आयल का टर्मिनल, 450 करोड़ की लागत से बनने वाला पीजीआइ सेटेलाइट अस्पताल भी भाजपा सरकारों की ही देन है। सत्ती ने कहा कि जिला ऊना का सबसे बड़ा उद्योग नेस्ले भी भाजपा सरकार ही लेकर आई। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरोली में बल्क ड्रग पार्क को भी केंद्र सरकार जल्द ही मंजूरी प्रदान करेगी।

chat bot
आपका साथी