सुंदरनगर में बनी नवग्रह वृक्ष वाटिका

संवाद सहयोगी सुंदरनगर सुंदरनगर में प्रदेश की पहली नवग्रह वृक्ष वाटिका बनकर तैयार हो ग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 Aug 2020 06:59 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 06:59 PM (IST)
सुंदरनगर में बनी नवग्रह वृक्ष वाटिका
सुंदरनगर में बनी नवग्रह वृक्ष वाटिका

संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : सुंदरनगर में प्रदेश की पहली नवग्रह वृक्ष वाटिका बनकर तैयार हो गई। वाटिका का नाम स्थानीय देवता देवबीजू नवग्रह वृक्ष वाटिका रखा गया है। सुकेत देवता सर्व कमेटी के प्रधान अभिषेक सोनी ने लोगों के सहयोग से कभी भांग के पौधों से लहराने वाले स्थान पर सफाई कर इसे देवबीजू नवग्रह वृक्ष वाटिका के रूप में बदल दिया। सोनी के साथ सलाह वार्ड के निवासी रोशन लाल ठाकुर ने भी अपने घर में लगे वृक्षों को वाटिका में रोपित किया।

वीरवार को नगर परिषद अध्यक्ष पूनम शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर वाटिका में पौधा रोपित किया। नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीपक सेन भी मौजूद रहे। वाटिका में पीपल, बड़, शम्मी, गुलर, आमला, पलाह, नीम, पुठकांडा, दरुव, द्रव, केला, रूद्राक्ष, उमर, पान, चंदन, देवदार, बान, अनार, दाडू, जामुन, लुकाठ, आम, करयाले तथा पाजा सहित अन्य सजावटी पौधे रोपित किए गए हैं। सोनी ने बताया कि सनातन धर्म में नव ग्रहों के वृक्षों की पूजा करना से ग्रहों के बुरे प्रभाव से स्वयं ही कमी आती है। यहां इस वाटिका में नवग्रह वृक्ष एक साथ मिल जाएंगे जिससे जनता को यहां पूजा अर्चना करने में आसानी होगी। मुख्यातिथि पूनम शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के रूप में जाना जाता है। यहां कण कण में देवी देवताओं तथा ऋषि मुनियों का वास है। इस वाटिका के निर्माण से इस क्षेत्र का महत्व धार्मिक रूप से और बढ़ गया है। वाटिका के निर्माण, विकास तथा सौंदर्यीकरण के लिए नगरपरिषद सुंदरनगर द्वारा संपूर्ण सहयोग किया जाएगा ताकि आने वाले समय में इस वाटिका का सुंदर रुप सभी को देखने के लिए मिले। डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य मोहित चुघ ने वाटिका में लोगों के बैठने के लिए तीन बैंच भेंट किए।

इस अवसर पर सुभाष सोनी, प्रवीण अग्रवाल, राज कुमार, रामधन, प्रशांत, शैवी, यनिश, नेत्र पाल ठाकुर, प्रदीप, सरोज शर्मा भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी