Himachal News: खराब मौसम में नहीं उड़ा हैलीकॉप्टर, CM सुक्खू ने ओकओवर में की बैठक; नादौन जाने का था कार्यक्रम
Himachal News हिमाचल प्रदेश के सीएम सुकखू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने ओकओवर में बैठक की। सुक्खू का कार्यक्रम नादौन विस क्षेत्र में जाने का था लेकिन खराब मौसम में हैलीकॉप्टर ही नहीं उड़ पाया। इसके बाद सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओकओवर में ही पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। मुख्यमंत्री ने शिमला और मंडी लोकसभा क्षेत्र का फीडबैक भी लिया।
जागरण संवाददाता, शिमला। लोकसभा व विधानसभा की 6 सीटों पर हो रहे उप चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रचार की कमान खुद आने हाथों में ले ली है। बीते रविवार को मुख्यमंत्री लाहौल स्पीति के दौरे पर थे। सोमवार को उनका अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन जाने का कार्यक्रम था। लेकिन सुबह से ही मौसम खराब होने के कारण हैलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। जिसके चलते वह नादौन नहीं जा पाए।
सरकारी आवास में पदाधिकारियों के साथ की बैठक
अपने सरकारी आवास ओकओवर में ही उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सुबह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी, उपाध्यक्ष नरेश चौहान सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की व चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। किस विधानसभा क्षेत्र में प्रचार कहां तक पहुंचा। पार्टी मुख्यालय में बैठकें व वॉर रूम की कार्यप्रणाली पर चर्चा की।
शिमला और मंडी का लिया फीडबैक
सुक्खू ने शिमला व मंडी संसदीय क्षेत्र को लेकर भी पदाधिकारियों से फीडबैक लिया। कांग्रेस ने यहां पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। इस बैठक के बाद बागवानी व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित कुछ अन्य विधायकों के साथ भी बैठक की व चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
यह भी पढ़ें: HP Board Result 2024: कोई IFS तो कोई न्यायाधीश बन आजमाना चाहती हैं किस्मत, टॉपर बेटियों ने बताया 'भविष्य प्लान'
शिमला संसदीय सीट पर कांग्रेस ने अपने प्रचार को धार दे दी है। मुख्यमंत्री बीते दिनों सिरमौर जिला में जनसभा करने गए थे। आगामी दिनों में वह चौपाल विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। यहां पर उनकी दो से तीन जनसभाएं प्रस्तावित हैं। कांग्रेस के अनुसार मुख्यमंत्री का चारों संसदीय क्षेत्रों में जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में वे रैलियां करेंगे।
उप चुनाव में प्रचार को बनेगी अलग रणनीति
कांग्रेस 6 सीटों पर हो रहे उप चुनाव में प्रचार के लिए अलग तरह से रणनीति बनाएगी। इन विधानसभा क्षेत्रों में भी मुख्यमंत्री जाकर प्रचार को धार देंगे। बीते रोज मुख्यमंत्री लाहौल स्पीति गए थे। इस से पहले वह सुजानपुर व धर्मशाला विस क्षेत्र का भी दौरा कर चुके हैं। आने वाले दिनों में वह बडसर, गगरेट, व कुटलैहड़ में भी जाएंगे।
सीएम का भरमौर व करसोग का दौरा रद्द
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भरमौर और करसोग का दौरा फिलहाल रद्द हो गया है। मुख्यमंत्री 1 मई को इन विधानसभा क्षेत्रों में जाने का कार्यक्रम था। खराब मौसम के कारण यह दौरा फिलहाल रद्द किया गया है।
यह भी पढ़ें: Himachal News: 'अंग्रेजों का बचा कुचा अंश कांग्रेस पार्टी...', कंगना ने वंशवाद को लेकर भी विक्रमादित्य सिंह को घेरा
सोमवार को मुख्यमंत्री हमीरपुर नहीं जा पाए। अब वह 30 यानि मंगलवार को हमीरपुर जाएंगे।भरमौर व करसोग दोनों क्षेत्र मंडी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं और मंडी से विक्रमादित्य सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। अब उनके क्षेत्र में प्रचार अभियान का नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।