सैंज के खनियारगी में आग की भेंट चढ़ा मकान

जिला कुल्लू के सैंज उपतहसील के तहत ग्राम पंचायत भलान-दो पंचायत के खनियारगी गांव में तीन मंजिला कच्चा काष्टकुणी शैली मकान जलकर राख हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Dec 2019 07:18 PM (IST) Updated:Mon, 09 Dec 2019 06:17 AM (IST)
सैंज के खनियारगी में आग की भेंट चढ़ा मकान
सैंज के खनियारगी में आग की भेंट चढ़ा मकान

संवाद सहयोगी, सैंज : जिला कुल्लू के सैंज उपतहसील के खनियारगी गांव में तीन मंजिला कच्चा काष्टकुणी शैली का मकान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये फौरी राहत दी है।

रविवार सुबह करीब नौ बजे सैंज उपतहसील के खनियारगी गांव में  अचानक  रतनू राम उर्फ रेपती राम के मकान से आग की लपटे उठने लगी। देखते ही देखते ने आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसे बुझाने में जुट गए। हालांकि ग्रामीणों ने भरसक प्रयास किए लेकिन प्रचंड आग के आगे वे बेबस नजर आए। अब तीन परिवार कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि रतनू राम का परिवार का जरूरत का सामान तक नहीं निकाल सका

प्रभावित रतनू राम का कहना है कि आग से घर के भीतर रखा  सोना, चांदी, अनाज, कपड़े के अलावा 30 हजार रुपये नकद जल गए हैं। वह औजार बनाता था। उन्होंने साथ लगती गोशाला से पालतू पशुओं को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। अगर ग्रामीण आग न बुझाते तो साथ लगते मकान भी राख हो सकते थे। 

स्थानीय पंचायत प्रधान गीता देवी ने बताया कि  रतनू राम के तीन बेटे इस संयुक्त मकान में अपने अपने स्वजनों के साथ रहते थे। इसमें रेतनू राम, खुशी राम, कर्म चंद  के परिवार शामिल हैं। उधर, राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन किया। पंचायत प्रधान गीता देवी, उप प्रधान चमन लाल पंचायत सदस्य उत्तम सिंह पूर्व उपप्रधान पूर्ण चंद ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को उचित राहत राशि दी जाए।

नायब तहसीलदार कर्म सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारो को 20 हजार रुपये फौरी राहत के तौर पर प्रदान किए गए हैं  तथा नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी