अस्पताल से कंप्यूटर चुरा ले गए चोर, तीन जगह तोड़े ताले
theft case raja ka talab, चोरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजा का तालाब से कंप्यूटर व अन्य सामन चुरा ले गए।
जेएनएन, राजा का तालाब। पुलिस चौकी रैहन के तहत राजा का तालाब में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में शनिवार रात एक साथ तीन जगह चोरी की वारदातें हुई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चोरी की पहली घटना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजा का तालाब में हुई। यहां से कंप्यूटर व अन्य उपकरण चुरा लिए गए हैं जबकि अन्य सामान उथल-पुथल कर दिया है। इसके अलावा साथ लगते बाबा राजा राम मंदिर के दानपात्र को तोड़कर राशि पर हाथ साफ किया है।
दानपात्र के पास एक बड़ा पत्थर भी मिला है। इसके अलावा शनि मंदिर के दान पात्र को पीएचसी से चुराई गई कैंचियों से तोड़ने का प्रयास किया गया है। इस बाबत लोगों ने सूचना पंचायत प्रधान राजकुमार राजू को दी। प्रधान ने इस बारे में पुलिस चौकी रैहन में सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने इस संबंध में पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं लेकिन पुलिस आजतक इन मामलों को नहीं सुलझा पाई है।