समझने लगे लोग, कोविड अस्पताल जरूरी

धर्मशाला में कोविड-19 अस्पताल बनाने के पक्ष में लोग आने लगे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 May 2020 08:53 PM (IST) Updated:Sat, 23 May 2020 06:16 AM (IST)
समझने लगे लोग, कोविड अस्पताल जरूरी
समझने लगे लोग, कोविड अस्पताल जरूरी

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में कोविड-19 अस्पताल बनाने के पक्ष में लोग अब सामने आने लगे हैं। लोगों ने कोविड अस्पताल बनाने के पीछे की भावना को भी समझना शुरू कर दिया है। मानवता के लिए इस दौर में कोरोना अस्पताल बनाए जाने जरूरी हैं। ऐसे में क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला को कोविड अस्पताल में बदला जा रहा है और इस अस्पताल को मजबूत करने के लिए आवाज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तक भी पहुंचाई गई है। क्षेत्रीय चिकित्सालय में रिक्त पदों को भरने की मांग रखी गई है ताकि अस्पताल में स्टाफ पूरा होगा तो लोगों को सुविधाएं घरद्वार पर मिल सकेंगी।

कोविड अस्पताल की गाइडलाइन का पालन करते हुए यह जरूरी है कि लोगों को सुविधा मिल सके। वहीं, लोग यह भी पैरवी कर रहे हैं कि धर्मशाला में कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है तो ओपीडी आसपास के भवनों में चलाई जाए। ऐसे में खनियारा में क्षेत्रीय चिकित्सालय की ओपीडी चलाने की भी खनियारा के लोगों ने पैरवी की है। उन्होंने कहा है कि सरकार व प्रशासन अगर खनियारा में ओपीडी चलाना चाहें तो उनका स्वागत है। इसी तरह से पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने भी क्षेत्रीय चिकित्सालय की ओपीडी को धर्मशाला के बजाय नगरोटा बगवां में चलाने की पेशकश की है। क्या कहते हैं लोग

कोविड-19 अस्पताल बनना जरूरी है, यह वक्त की जरूरत है। वहीं, इसके साथ ओपीडी भी चलनी चाहिए। विधायक विशाल नैहरिया ने बेहतर तरीके से मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया है।

शमशेर सिंह, निवासी भागसूनाग। कोविड अस्पताल धर्मशाला में बनाना सराहनीय पहल है। आज ऐसे अस्पतालों की जरूरत है। कोरोना आगामी समय तक साथ रहने वाला है, इसलिए ऐसे अस्पतालों की दरकार है।

अश्विनी बांबा, अध्यक्ष होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन अपर धर्मशाला। धर्मशाला में कोविड अस्पताल बन रहा है। इसके साथ ओपीडी भी चलती रहनी चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। इस समय के हिसाब से इन दोनों की आवश्यकता है। लोगों को नजदीक चिकित्सा सुविधा मिलती रहे।

रमेश मस्ताना, निदेशक चाइल्डलाइन। क्षेत्रीय चिकित्सालय में कोविड अस्पताल चलेगा। इसके साथ ओपीडी भी चलेगी और पहले से व्यवस्था में और भी सुधार होगा। रिक्त पद भर जाने से लोगों को यहां पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कोविड अस्पताल समय की जरूरत है।

वीर सिंह, स्वयंसेवी। नैहरिया के प्रयास को भाजपा मंडल ने सराहा

भाजपा मंडल धर्मशाला ने जारी बयान में विधायक विशाल नैहरिया के अस्पताल के रिक्त पदों को भरने व जरूरी बेहतर सुविधाएं देने की पैरवी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से करने की सराहना की है। भाजपा मंडल प्रेस सचिव अमित वालिया ने कहा कि कोविड अस्पताल बनाने के लिए कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। नैहरिया को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य सचिव ने न केवल ओपीडी सेवा शुरू करने, बल्कि यहां धर्मशाला में इनडोर रोगी विभाग की सुविधा भी शुरू करने का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी