राजनाथ सिंह बोले- AAP सरकार ने दिल्ली में कीचड़ किया, अब खिलेगा कमल

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव बढ़ा है। कभी भारत को कमजोर समझा जाता था, लेकिन आज दुनिया में ताकतवर देश माना जाता है।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 21 Apr 2017 08:28 AM (IST) Updated:Fri, 21 Apr 2017 04:41 PM (IST)
राजनाथ सिंह बोले- AAP सरकार ने दिल्ली में कीचड़ किया, अब खिलेगा कमल
राजनाथ सिंह बोले- AAP सरकार ने दिल्ली में कीचड़ किया, अब खिलेगा कमल

नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कीचड़ कर दिया है, लेकिन अब कीचड़ से कमल खिलेगा। यह दिल्ली को विकास के ऐसे पथ पर ले जाएगा, जहां से पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं होगी। आम आदमी पार्टी व कांग्रेस कूड़े की राजनीति कर रही हैं और भाजपा कूड़े से बिजली बनाने में लगी हुई है।

राजनाथ सिंह उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के शिव विहार में आयोजित सभा में बोल रहे थे। इस मौके पर सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, स्थानीय विधायक जगदीश प्रधान के साथ कई प्रत्याशी मौजूद रहे।

गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव बढ़ा है। कभी भारत को कमजोर समझा जाता था, लेकिन आज दुनिया में भारत को ताकतवर देश माना जाता है। दुनिया भर के निवेशक अमेरिका, इंग्लैंड व रूस में नहीं, बल्कि भारत में निवेश करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: MCD चुनाव 2017: पांच वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देगी भाजपा

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल के तीन साल हो गए, लेकिन एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा।

उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि 27 माह पहले हवा नहीं, बल्कि दिल्ली में तूफान चला था। नई पार्टी ने ऐसे वादे किए कि हर कोई उसकी ओर चल पड़ा, लेकिन अब हवाओं ने रुख बदल लिया है, क्योंकि दिल्ली की न तो सड़कें चमचमा रही हैं और न ही लोगों को फ्री वाइ-फाइ मिला। बहुत सारे वादे किए, लेकिन एक भी पूरा नहीं हुआ।

आप के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते रहते हैं कि इसके पीछे मंशा यह होती है कि वह भी उनके समानांतर देश के बड़े नेता बन जाएंगे, लेकिन देश का इतना बड़ा नेता बनना सरल नहीं है।

ऐसा झूठ बोलकर नहीं हो सकता। इन्हें पंजाब व गोवा के लोगों ने सबक दे दिया है और अब दिल्ली की बारी है। क्योंकि ये जिस अन्ना हजारे के आंदोलन से निकले थे, उन्हीं के विश्वास को तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: MCD चुनाव 2017: 'आप' के हथियार का इस्तेमाल कर भाजपा ने कर दिया पलटवार

उन्होंने कहा कि दिल्ली के निगमों को नौ हजार करोड़ के बदले दिल्ली सरकार ने सिर्फ 2008 करोड़ रुपये दिए। यह तो महापौर व पार्षदों की कर्मठता है कि आर्थिक दिक्कतों के बाद भी उन्होंने कूड़े से बिजली बना दिया।

दूसरी ओर किराड़ी में एक चुनावी सभा में गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार राष्ट्रहित में कड़े फैसले लेती है और फिर उसके ईमानदार क्रियान्वयन से देश की जनता का समर्थन जीतती है।

चाहे सर्जिकल स्ट्राइक का मसला हो या नोटबंदी का, सरकार ने दोनों मौकों पर राष्ट्रहित में निर्णय लिए और अंतत: देश की जनता ने दोनों निर्णयों को सराहा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को पिछले दो वर्षों में समग्र विकास से वंचित रहना पड़ा है. क्योंकि दिल्ली की सरकार ने न तो खुद विकास किया और न ही केन्द्र की योजनाओं को जनता तक पहुंचने दिया। इस निगम चुनाव में दिल्ली की जनता का पूरा विश्वास भाजपा को मिल रहा है और निगम विजय के बाद भाजपा नेतृत्व यह सुनिश्चित करेगा कि केजरीवाल सरकार अब निगम सेवाओं को बाधित ना कर सके।

MCD चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर लंबे समय तक राज किया, लेकिन सत्ता पर काबिज रहने के चक्कर में ही उन्होंने जनहित के बजाय निजी हित के फैसले लिए।

देश के लोगों पर ऐसे फैसले थोपे जिनसे भ्रष्टाचार बढ़ा, कांग्रेस के समय में कोई पारदर्शिता नहीं थी, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित में फैसले लिए गए। इस तरह के फैसले केवल भाजपा की सरकार ही ले सकती है, जिसके लिए कुर्सी की चिंता नहीं देश की चिंता सर्वोच्च है। देश के गरीब लोगों की चिंता सर्वोच्च है।

कांग्रेस को डूबता जहाज करार देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भी कई अच्छे नेता और कार्यकर्ता हैं जिनका वहां दम घुट रहा है। अब उन्हें समझ आ रहा है कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो व्यक्तिवाद नहीं राष्ट्रवाद सोचती है।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 30 नवंबर को दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद से दिल्ली की अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग के लोगों, झुग्गी बस्तियों, पुनर्वास बस्तियों एवं अनधिकृत बस्तियों मे रहने वाले लोगों की समस्यायों को समझने के लिए मैं उनके बीच गया। आज मैं कह सकता हूं कि 23 अप्रैल को दिल्ली की जनता भाजपा को विजय बनाने के लिए अपना वोट देगी।

वहीं सांसद डॉ. उदित राज ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए केजरीवाल सरकार पर दिल्ली के विकास को बाधित करने का आरोप लगाया।

chat bot
आपका साथी