Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lok Sabha Election 2024: चुनाव में महिलाओं की भागीदारी पर क्या है नारी शक्ति की राय? पढ़िए खास रिपोर्ट

    Updated: Sat, 13 Apr 2024 05:04 PM (IST)

    Lok Sabha Election जिस प्रकार यज्ञ में आहुति देने से वातावरण स्वच्छ होता है उसी तरह से चुनावी महायज्ञ में मतदान रूपी आहुति देने से संपूर्ण देश का लोकतंत्र सशक्त होता है। कुछ ही दिनों में चुनावी महायज्ञ की पहली आहुति संपन्न होने वाली है। चुनाव और मतदान को लेकर क्या सोचती है अलग-अलग क्षेत्र से जुड़ी नारी शक्ति इस बारे में चर्चा कर रहे हैं दिनेश दीक्षित।

    Hero Image
    चुनाव और मतदान पर जानिए अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी नारी शक्तियों की राय।

    दिनेश दीक्षित, नई दिल्ली। आजकल नवरात्र चल रहे हैं और जगह-जगह यज्ञ-अनुष्ठान हो रहे हैं। जिस प्रकार यज्ञ में आहुति देने से वातावरण स्वच्छ होता है, उसी तरह से चुनावी महायज्ञ में मतदान रूपी आहुति देने से संपूर्ण देश सशक्त होता है। कुछ ही दिनों में चुनावी महायज्ञ की पहली आहुति संपन्न होने वाली है। चुनाव और मतदान को लेकर क्या सोचती है अलग-अलग क्षेत्र से जुड़ी नारी शक्ति, इस बारे में चर्चा कर रहे हैं दिनेश दीक्षित।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शिकायत नहीं पहल करें

    वुमन इन टेक इंडिया की अध्यक्ष राधिका आयंगर का कहना है, "हर महिला के जीवन पर चुनी हुई सरकार का प्रभाव पड़ता है। हर नागरिक के लिए आम चुनाव बड़ा अवसर है कि अपने लिए वह चुनें, जो जीवन में बदलाव लाए। बदलाव तब आएगा, जब आप शिकायतें छोड़कर मतदान की पहल करेंगी। यह न सोचें कि आप क्या कर सकती हैं, आपको पता होना चाहिए कि आपके लिए क्या अच्छा है, कौन है, जो विकास कर सकता है। क्या आप प्रतिक्रिया देती हैं? यदि नहीं तो आप राजनीतिक जीवन में दिलचस्पी नहीं रखतीं।"

    "आज महिलाएं इतनी जागरूक और शिक्षित हैं कि वे थिंकटैंक बन सकती हैं। हालांकि इन सबके लिए छोटी सी पहल वोट देने से ही होगी। अच्छा लगता है जब आम चुनाव के समय देश में एक अलग वातावरण बन जाता है। मैं हैदराबाद से हूं। इंदौर में भी रही हूं। मैंने देखा है कि कैसे गीतों के माध्यम से चुनावी वातावरण को सुंदर बना दिया जाता है और नारों के माध्यम से लोगों को सजग। महिलाएं इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। एक बात और, हमें अपने जनप्रतिनिधि के बारे में भी पता होना चहिए।"

    वोट देकर संवारें देश का भविष्य

    एमलियोरेट बायोटेक की निदेशक बिनीता एस टुंगा कहती हैं, "अब महिलाएं मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। इस उत्सव में उनका हमेशा से योगदान रहा है। वे जान गई हैं कि वोट देना आवश्यक क्यों है और कौन उनके हितों के बारे में सोचता है। वे जानती हैं कि नारी शक्ति कितनी महत्वपूर्ण है। शायद इसीलिए राजनीतिक दल भी उनको अधिक से अधिक ध्यान में रखकर नीतियां और योजनाएं बनाते हैं। आज महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों में शामिल भी हैं। आम चुनाव में उनकी उपस्थिति अन्य महिलाओं को प्रेरित करती है कि वे अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करें।"

    अपनी मां से जुड़ा किस्सा बताते हुए वह कहती हैं, "मैं इन दिनों बेंगलुरु में हूं, पर बिलासपुर (छत्तीसगढ़) मेरा गृह नगर है। मैंने अपनी मां को देखा है कि चाहे उनका स्वास्थ्य खराब हो या कुछ और बात, वह वोट के दिन अति उत्साहित नजर आती थीं और वोट दिए बिना कोई काम नहीं करती थीं। इसके साथ ही सबके बारे में पूछती थीं कि किसने वोट दिया, किसने नहीं। वह हमेशा प्रत्याशियों का तुलनात्मक अध्ययन करके वोट देने जाती थी। मां का उत्साह देखकर बाकी लोग भी प्रेरित होते थे।"

    "आज भी वही बात है। मां वोट देने जाती हैं तो सबसे पहले अपने परिवार के वाट्सएप ग्रुप पर सूचित करती हैं। उनकी अंगुली में स्याही का निशान देखकर सब रोमांचित हो जाते हैं। इससे वोट देने का जिनका मन न हो वे भी प्रेरित हो जाते हैं इसके लिए। मतदान करके आपको जो अनुभव होता है, वह बहुत ही अलग और महत्वपूर्ण होता है। आप महसूस कर सकती हैं कि देश के लिए नीति नियम बनाने में आपकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण हो सकती है। मैं तो यही कहूंगी कि आप स्वस्थ हैं और आप शारीरिक रूप से अक्षम नहीं हैं तो मतदान करने अवश्य जाएं।" उन्होंने आगे कहा।

    चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

    बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए

    अंतरराष्ट्रीय शूटर मनु भाकर का कहना है, "लोकतांत्रिक देश में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र के भविष्य को आकार देने की क्षमता रखती है। इसलिए चुनावी प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका को समझना जरूरी है। दूसरी ओर खिलाड़ी अपने समर्पण, दृढ़ता और टीमभावना के माध्यम से देश की सेवा करते हैं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के अभिन्न अंग के रूप में हम खिलाड़ी व युवा भारतीय एक और विशेषाधिकार की आकांक्षा करते हैं-वह है मतदान। कारण, चुनाव लोकतंत्र का आधार है, जो नागरिकों को अपने प्रतिनिधियों को चुनने का अधिकार देता है। "

    उन्होंने कहा, "अतः चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होना हम सभी का कर्तव्य है। युवाओं ने हमेशा सामाजिक परिवर्तन का नेतृत्व किया है और चुनावों में उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता पंजीकरण से लेकर जमीनी स्तर पर प्रचार अभियान तक के प्रत्येक चरण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता होती है। इसलिए हम सभी को लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।"

    ये भी पढ़ें- लोकतंत्र की अनूठी मिसाल, इस जिले के सभी मतदान केंद्रों पर होगी महिला मतदाता अधिकारियों की तैनाती

    महिलाओं का योगदान होता है अहम

    फिक्की फ्लो, इंदौर की अध्यक्ष विभा जैन सेठी कहती हैं, "मतदान करना बहुत जरूरी है। मतदान के जरिए हम अपना नेता चुनते हैं। इस बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके सही नेता चुनें, जो आपके हितों की रक्षा करे। मुझे इस बात का गर्व है कि बीते कुछ समय से महिला मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। इस बार के चुनाव में भी महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत अधिक ही रहेगा। महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं शुरू की गईं और उन्हें कई सुविधाएं दी गईं। इस बार के चुनाव में महिलाओं को अपनी भूमिका अवश्य तय करनी चाहिए और अपने हितों की बात सरकार के समक्ष रखनी चाहिए।"

    वह आगे कहती हैं, "सरकार ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक वाहन में छूट और शिक्षा में काफी सहायता की है। इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। आज के समय में महिलाओं के पास आत्मनिर्भर बनने के कई माध्यम हैं। दरअसल भारत में महिलाओं की स्थिति हमेशा एक समान नहीं रही है। उनकी सामाजिक स्थिति के साथ उनके अधिकारों में भी समय-समय पर अनेक तरह के बदलाव होते रहे हैं। आज महिलाओं का योगदान राजनीति के साथ ही आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। महिलाओं ने अपने हौसले से यह साबित कर दिया है कि वे घर ही नहीं, बल्कि सरकार भी चला सकती हैं। अधिक संख्या में चुनाव जीतकर महिलाओं का संसद में पहुंचना एक सकारात्मक बदलाव है। महिलाओं का राजनीतिक रूप से सशक्त होना काफी कारगर सिद्ध होगा।"

    ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने कसी कमर, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर करेगा ऐसी घोषणाएं