विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर की वादियों से करें नए साल की शुरुआत, IRCTC लाया 6 दिनों का Winter Tour; जानिए पूरा शेड्यूल

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:59 PM (GMT+05:30)

सर्दियों के मौसम में अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो धरती का स्वर्ग यानी कश्मीर यकीनन आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर होना चाहिए।

IRCTC के साथ करें जन्नत-ए-कश्मीर की सैर (Image Source: AI-Generated)

IRCTC के साथ करें जन्नत-ए-कश्मीर की सैर (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जरा सोचिए... आप एक ऐसी जगह पर हैं जहां चारों तरफ बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ हों और डल झील के किनारे बिताई गई एक खूबसूरत शाम।

अक्सर हम तस्वीरों और फिल्मों में जन्नत-ए-कश्मीर की इन वादियों को देखकर आह भरते हैं और सोचते हैं कि काश हम भी वहां होते। बता दें, आपकी इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए IRCTC लाया है 'LTC अप्रूव्ड विंटर स्पेशल कश्मीर पैकेज'।

भुवनेश्वर से शुरू होने वाले इस सफर में आप कश्मीर के उन नजारों को अपनी आंखों से देखेंगे, जो जिंदगी भर की मीठी यादें बन जाएंगे। आइए, जान लीजिए इस टूर पैकेज से जुड़ी सभी जरूरी डिटेल्स।

कब शुरू होगा सफर और कितनी हैं सीटें?

यह एक हवाई यात्रा है, जो 9 जनवरी 2027 को भुवनेश्वर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और 14 जनवरी 2027 को वापस लौटेगी। यानी आप पूरे 5 रात और 6 दिन कश्मीर की खूबसूरत वादियों में बिताएंगे। ध्यान रखने वाली बात यह है कि इस टूर में सिर्फ 19 लोगों के लिए ही सीटें मौजूद हैं।

कितना आएगा खर्च?

इस पैकेज की 'कम्फर्ट क्लास' के लिए आपको अपनी जरूरत के हिसाब से पैसे चुकाने होंगे:

  • अगर आप अकेले ट्रैवल कर रहे हैं, तो आपका खर्च ₹56,570 आएगा।
  • दो लोगों के लिए प्रति व्यक्ति ₹51,630 और तीन लोगों के लिए ₹50,255 का खर्च तय किया गया है।
  • 5 से 11 साल के बच्चों के लिए बेड के साथ ₹43,835 और बिना बेड के ₹41,745 देने होंगे।

कैसा रहेगा आपका 6 दिनों का सफर?

पहला दिन

आपकी यात्रा भुवनेश्वर से शुरू होकर दिल्ली के रास्ते श्रीनगर पहुंचेगी। होटल पहुंचकर लंच करने के बाद, आप अपनी जेब से खर्च करके डल झील में शिकारे की सवारी का लुत्फ उठा सकते हैं। रात का खाना और आराम श्रीनगर के ही होटल में होगा।

दूसरा दिन

नाश्ते के बाद आप पूरे दिन के लिए सोनमर्ग घूमने निकलेंगे। यहां आप अपने पैसों से खच्चर किराये पर लेकर मशहूर थाजीवास ग्लेशियर तक जा सकते हैं। दिनभर घूमने के बाद शाम को वापसी श्रीनगर होगी, जहां आपको डिनर मिलेगा।

तीसरा दिन

तीसरे दिन की सुबह आपको 'फूलों की घाटी' गुलमर्ग ले जाएगी। अगर आप चाहें, तो यहां भी अपनी तरफ से पैसे देकर गोंडोला राइड का मजा ले सकते हैं या फिर खिलनमर्ग तक जा सकते हैं। रात के ठहराव के लिए आपको वापस श्रीनगर आना होगा।

चौथा दिन

इस दिन आप श्रीनगर से पहलगाम की तरफ बढ़ेंगे। रास्ते में अवंतीपुरा के पुराने खंडहर और केसर के खेत आपके सफर को और भी खूबसूरत बना देंगे। पहलगाम पहुंचकर आप खुद के खर्च पर 'मिनी स्विट्जरलैंड' की सैर कर सकते हैं। इस रात आप पहलगाम के ही होटल में रुकेंगे।

पांचवां दिन

पहलगाम से नाश्ता करके आप वापस श्रीनगर लौटेंगे। इस दिन आपको शंकराचार्य मंदिर, हजरतबल दरगाह और शालीमार, चश्मेशाही, परीमहल जैसे खूबसूरत मुगल गार्डन घुमाए जाएंगे। शाम को डल झील के 'चार-चिनार' देखने का मौका मिलेगा। सबसे खास बात, इस रात आपको मौसम साफ रहने पर एक शानदार डीलक्स हाउस-बोट या होटल में रुकने का मौका मिलेगा।

छठा दिन

छठे दिन सुबह नाश्ते के बाद आपको श्रीनगर एयरपोर्ट छोड़ दिया जाएगा, जहां से आप दिल्ली होते हुए वापस भुवनेश्वर लौट आएंगे।

पैकेज में क्या-क्या शामिल है?

  • भुवनेश्वर से श्रीनगर तक की दोनों तरफ की फ्लाइट टिकट।
  • श्रीनगर, पहलगाम और एक रात हाउस-बोट में रहने की व्यवस्था।
  • फिक्स मेन्यू के तहत सुबह का नाश्ता और रात का खाना।
  • घूमने के लिए शेयरिंग वाली एसी गाड़ी और टूर एस्कॉर्ट की सुविधा।
  • यात्रा बीमा, पार्किंग और सभी तरह के टोल टैक्स।

अपनी जेब से करना होगा यह खर्च

दोपहर का खाना, फ्लाइट का खाना और स्मारकों की एंट्री टिकट आपके पैकेज में नहीं हैं।
डल झील या गुलमर्ग में किसी भी तरह की राइड, गाइड की फीस, टिप और आपके निजी खर्चे आपको खुद उठाने होंगे।

बुकिंग कैंसिल कराने के नियम

अगर किसी वजह से आप नहीं जा पाते हैं, तो:

  • यात्रा से 21 दिन पहले बुकिंग कैंसिल करने पर 30% पैसे कटेंगे।
  • 15 से 21 दिन पहले 55%, और 8 से 14 दिन पहले 80% रकम काटी जाएगी।
  • अगर यात्रा में 7 दिन से कम का समय बचा है, तो आपको कोई रिफंड नहीं मिलेगा।

यह टूर आपको सर्दियों के मौसम में बर्फ से ढके कश्मीर की असल सुंदरता दिखाने का एक शानदार मौका है।

यह भी पढ़ें- सिर्फ ₹20,420 में 12 दिन घूमें साउथ इंडिया, 18 जनवरी से शुरू हो रहा IRCTC का खास टूर

यह भी पढ़ें- केरल की खूबसूरत वादियों में बिताएं दिसंबर के 7 दिन, IRCTC के टूर पैकेज में फ्लाइट से हाउसबोट तक की सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।