Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुनिया में सबसे खतरनाक है सऊदी अरब का Rub al-Khali Desert, भूख-प्यास से तड़पकर भारतीय युवक ने गंवा दी जान

    Updated: Wed, 28 Aug 2024 02:17 PM (IST)

    आज हम आपको दुनिया के सबसे खौफनाक रेगिस्तान के बारे में बताने जा रहे हैं जहां एक बार जाने पर जिंदा लौट पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। दरअसल सऊदी अरब (Saudi Arabia) के रुब अल खली रेगिस्तान (Rub al-Khali Desert) में फंसने के कारण हाल ही में एक भारतीय युवक की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। आइए जानते हैं इससे जुड़ी सभी जरूरी बातें।

    Hero Image
    Rub al-Khali Desert: दुनिया का सबसे खतरनाक रेगिस्तान (Image Source: X)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तेलंगाना के करीमनगर जिले से ताल्लुक रखने वाले 27 वर्षीय भारतीय युवक मोहम्मद शहजाद खान (Mohammad Shehzad Khan) ने सऊदी अरब के रुब अल खली रेगिस्तान (Rub al-Khali Desert) ने अपनी जान गंवा दी है। दरअसल, शहजाद तीन साल से सऊदी अरब स्थिति टेलीकम्युनिकेशन कंपनी में नौकरी करते थे और एक सेल फोन टावर को ठीक करने के लिए अपने सहयोगी (सूडानी नागरिक) के साथ 19 अगस्त के दिन इस रेतीले रेगिस्तान में गए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस रेगिस्तान से जिंदा लौटना मुश्किल

    रेगिस्तान में दोनों रास्ता भटक गए जिसके चलते उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। जीपीएस सिग्नल फेल हो गए, गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया और मोबाइल फोन की बैटरी ने भी जवाब दे दिया। इस जलते रेगिस्तान की गर्मी में फंसे रहने के कारण दोनों डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 से 21 अगस्त के बीच हुई इस घटना में दोनों को बचाने की तमाम कोशिशें भी हुई, लेकिन बदकिस्मती से सफलता हाथ नहीं लगी। आइए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं 650 किलोमीटर तक फैले दुनिया के सबसे बड़े रेगिस्तान रुब अल खली के बारे में, जहां एक बार जाने पर जिंदा वापस लौट पाना बेहद मुश्किल माना जाता है।

    यह भी पढ़ें- रेगिस्तान की झुलसा देने वाली गर्मी में बना है ये गर्ल्स स्कूल, बिना AC और कूलर के भी रहता है कूल-कूल

    कैसा है रुब-अल खली रेगिस्तान?

    सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र में 650 किलोमीटर तक फैला यह रेगिस्तान अपनी कठोर परिस्थितियों के लिए मशहूर है। यह दुनिया का सबसे खतरनाक रेगिस्तान कहलाता है, जहां रेत के अलावा कुछ नहीं है। सऊदी अरब, ओमान, यमन और यूएई में फैले इस रेगिस्तान में भीषण गर्मी पड़ती है और रास्ता भटकना भी आम बात है। पानी और खाने की भी कमी के साथ यहां जहरीले सांप और बिच्छू भी पाए जाते हैं। नर्म रेत के मैदान गाड़ियों के लिए बेहद खतरनाक हैं, साथ ही इंटरनेट ना होने और आसपास मदद ना मिलने से मुसीबत और बढ़ जाती है। इस रेगिस्तान में किसी तरह के पहचान के निशान ना होने से एक बार भटकने पर रास्ता ढूंढना नामुमकिन हो जाता है, जिससे यात्रियों की जान को हर पल खतरा रहता है।

    दुनिया की सबसे लंबी सीधी सड़क

    सऊदी अरब का हाईवे 10 भी इसी रेगिस्तान से होकर गुजरता है, जिसे दुनिया की सबसे लंबी सीधी सड़क होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी प्राप्त है। विदेशी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रुब अल खली रेगिस्तान से ही 256 किलोमीटर लंबी यह पक्की सड़क होकर गुजरती है। इसमें दायीं या बायीं ओर कोई मोड़ नहीं है और ऊपर या नीचे कोई ढलान भी नहीं है। बता दें, किंग फहद के लिए एन निजी सड़क के रूप में इसका निर्माण हुआ था।

    विल्फ्रेड थेसिगर की 'अरेबियन सैंड्स' में जिक्र

    खतरों के बावजूद, एडवेंचर और ट्रैवल के शौकीन यात्री इस रेगिस्तान की ओर आकर्षित होते रहते हैं। एक ब्रिटिश खोजकर्ता, विल्फ्रेड थेसिगर ने 1940 के दशक में इस रेगिस्तान को पार किया और इसपर 'अरेबियन सैंड्स' नामक किताब भी लिखी जो उनके यात्रा वृतांत पर आधारित है, जिसमें वे लिखते हैं, "Empty Quarter से लौटना एक चुनौती का जवाब होगा, और वहां लंबे समय तक रहना खुद को आखिरी सीमा तक परखना होगा। इस रेगिस्तान का अधिकांश हिस्सा मुझे मालूम नहीं था। यह उन चुनिंदा जगहों में से एक था जहां अन्य लोग नहीं गए थे और मैं यहां जाने की इच्छा को पूरा कर पाया। Empty Quarter ने मुझे एक ट्रैवलर के रूप में ख्याति हासिल करने का मौका दिया, क्योंकि यहां जाति, रंग, धन और सामाजिक स्थिति के अंतर लगभग अर्थहीन थे; यहां दिखावे के आवरण उतर जाते हैं और मूल सत्य उभर आते हैं।"

    यह भी पढ़ें- लग्जरी और कला का अद्भुत मेल है Grand Hyatt Kochi Bolgatty, छुट्टियों के लिए है बेस्ट डेस्टिनेशन